हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है।
2014 से पहले देश में था निराशा, भय, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का वातावरण, मोदी सरकार ने दिया विकास और विश्वास का मॉडल – सैनी
बोले, मिशन चंद्रयान से लेकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तक पहुंचा भारत, डिजिटल इंडिया से लेकर रक्षा निर्यात तक, हर मोर्चे पर भारत बना आत्मनिर्भर
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री आज पंचकूला में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए देश को एक नई दिशा दी है। आज भारत वोट बैंक की राजनीति से नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व से आगे बढ़ रहा है। ये 11 वर्ष केवल एक पड़ाव है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक 'विकसित राष्ट्र' बनाना है। यह अमृत काल उस स्वर्णिम काल की नींव रखेगा, जहां भारत ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म और समृद्धि का विश्व गुरु बनेगा।
सैनी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष भारत के नव-निर्माण, आत्म-विश्वास और वैश्विक पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पुनः स्थापना की एक स्वर्णिम गाथा है। इन 11 वर्षों में, हर भारतीय ने एक ऐसे भारत का उदय देखा है जो अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करता है, वर्तमान की चुनौतियों का डटकर सामना करता है और भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी सपने संजोता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और विश्वास का मॉडल दिया और देश ने एक निर्णायक और पारदर्शी सरकार का अनुभव किया। योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया गया। 'मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेस' के सिद्धांत पर चलते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया और जन-भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज हमारा देश अपनी उन्नत प्रौद्योगिकी के बल पर न केवल मिसाइलें बना रहा है, बल्कि सूर्य यान, चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशन सफलतापूर्वक पूरे कर रहा है। इन 11 सालों में भारत ने स्पेस डॉकिंग एक्सरसाइज (Space Docking Exercise) मिशन के तहत अंतरिक्ष में दो भारतीय सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक जोड़कर इतिहास रचा है। इस उपलब्धि के साथ अमेरिका, रूस और चीन के बाद ऐसा करने वाला भारत चौथा देश बन गया है। इससे हर भारतवासी गौरवान्वित हुआ है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश है। आदित्य L-1 सूर्य की कक्षा में स्थापित होकर सूर्य का अध्ययन कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत का कुल निर्यात वर्ष 2024-25 में 825 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग निर्यात वर्ष 2014-15 में 73 बिलियन डॉलर था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 117 बिलियन डॉलर हो गया है। भारत के रक्षा निर्यात में वर्ष 2014 से 34 गुणा बढ़ोतरी हुई है। भारत का रक्षा निर्यात वर्ष 2024-25 में बढ़कर 23 हजार 622 करोड़ रुपये हो गया है। जो कि वर्ष 2016 से पहले 1521 करोड़ रुपये था। पिछले 10 वित्तीय वर्षों में भारत में लगभग 668 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है, जबकि वर्ष 2000 से 2014 तक 323 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ था। प्रधानमंत्री ने कालेधन के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए नोटबंदी करके समानांतर अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार किया। पूरी दुनिया आज भारत के डिजिटल भुगतान मॉडल की प्रशंसा करती है।
प्रधानमंत्री ने लिए कई ऐतिहासिक निर्णय
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 व धारा 35-ए को हटाकर उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का राष्ट्रीय सपना साकार किया है। हाल ही में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कश्मीर घाटी को दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल 'चिनाब ब्रिज' के माध्यम से पूरे देश से जोड़ा है। लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर विकास का नया द्वार खोला गया है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त कर राम जन्मभूमि अयोध्या में श्री रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण करवाया।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर, वर्ष 2016 के उरी हमले के प्रतिशोध में सर्जिकल स्ट्राइक और वर्ष 2019 में हुए पुलवामा हमले का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इनके अलावा वन रैंक वन पेंशन, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 आदि अनेक युग परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं।
Comments 0