किन्नौर में बादल फटने से भेगती नाले में बाढ़ से दो घर जमींदोज, मलबे में दबे दो लोगों को सुरक्षित बचाया कुल्लू के आनी और खादी गांव में भूस्खलन, पांच मकान क्षतिगस्त, एम महिला की मौत व एक लापता
किन्नौर में बादल फटने से भेगती नाले में बाढ़ से दो घर जमींदोज, मलबे में दबे दो लोगों को सुरक्षित बचाया कुल्लू के आनी और खादी गांव में भूस्खलन, पांच मकान क्षतिगस्त, एम महिला की मौत व एक लापता
खबर खास, शिमला/कुल्लू/चंबा/किन्नौर :
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों आसमान से आफत बरस रही है। भारी बारिश के चलते प्रदेश की नदियां और नाले उफान पर हैं। चंबा के भरमौर में भारी बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुाओं की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतकों में तीन पंजाब, पांच चंबा और एक यूपी के निवासी हैं। जबकि दो लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। इसके अलावा किन्नौर में बादल फटने से आई बाढ़ में दो घर जमींदोज हो गए। कुल्लू के आनी और खादी गांव में भी भूस्खलन से पांच मकान क्षतिग्रस्त होने का समाचार है।
अधिकारियों की मानें तो मणिमहेश यात्रा पर गए लोगों की मौतें पहाड़ से पत्थर गिरने और ऑक्सीजन की कमी से हुई है। भरमौर में तीन हजार लोग फंसे हुए हैं जो मणिमहेश यात्रा पर गए थे। उनके लिए बचाव अभियान जारी है। बीते सप्ताह भूस्खलन में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और नौ लापता हुए थे।
इसके अलावा कुल्लू जिला के आनी में आज सुबह भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई। आनी की कराड़ पंचायत के पटारना गांव में भूस्खलन से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। यहां पर तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए। इनमें से एक महिला का शव बरामद किया गया, जबकि एक अन्य महिला अभी भी लापता है। उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। एक व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पटारना में मृतक की पहचान शारदा देवी के तौर पर हुई, जबकि लीलू देवी की तलाश जारी है। कुल्लू के पटारना में कृष्ण चन्द, जय सिंह और धर्मवीर के मकान क्षतिग्रस्त हुए है। एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया चारों ओर सड़कें बंद होने से मौके पर ही पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
कुल्लू के खादवी गांव में भी भूस्खलन से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इससे जोगिंद्र पाल, चंद्र पाल और कमलेश के तीन परिवार बेघर हो गए है। क्षेत्र में भारी बारिश से किसानों की जमीन, सेब के बगीचों को भी नुकसान पहुंचा है।
किन्नौर में लगातार बारिश से आज सुबह लिप्पा के भौड़रती नाला और पेजर खड में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ से सेब के बगीचों और डोगरी को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ मकानों को भी नुकसान की सूचना है। भौड़रती नाला में बाढ़ के दौरान जम्मू के दो मजदूर मलबे में फंस गए। लिप्पा के ग्रामीणों ने तत्काल मदद कर दोनों को सुरक्षित निकाला। घायल मजदूरों का लिप्पा अस्पताल में इलाज चल रहा है। ये मजदूर स्थानीय ग्रामीण के यहां काम करते थे।
प्रदेश को बारिश से अगले छह दिन राहत नहीं
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अगले 6 दिन तक बारिश से राहत नहीं मिलेगी। ऊना, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी है। सड़क टूटने और खराब मौसम के कारण कई स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद हैं। कुल्लू-मनाली में पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की आपूर्ति बाधित है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी लैंडस्लाइड के कारण बंद है। 1,500 से अधिक टूरिस्ट सड़क बंद होने से घर नहीं लौट पा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0