CM बोले—जिनकी नियुक्ति में ही मर्यादा भंग हुई, अब वही मर्यादा सिखाएंगे; कहा—जेबों से जत्थेदार निकलते हैं
CM बोले—जिनकी नियुक्ति में ही मर्यादा भंग हुई, अब वही मर्यादा सिखाएंगे; कहा—जेबों से जत्थेदार निकलते हैं
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की हालिया नियुक्ति को लेकर आज तीखा तंज कसा। सीएम मान ने कहा कि यह विडंबना है कि अब वही लोग संतों और महापुरुषों को मर्यादा सिखाने की बात कर रहे हैं, जिनकी खुद की नियुक्ति के दौरान ही मर्यादा भंग हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय जिस तरीके से नियुक्ति की गई, वह आज तक चर्चा का विषय है। “अभी तक वह लोग प्रमाण पत्र लेते फिर रहे हैं—अब हमें मान लो, अब मान लो। और आज दोबारा वही पंगा लेने लगे हैं,” सीएम ने कहा।
संगरूर के धूरी में बोलते हुए भगवंत मान ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की पदवी अत्यंत सम्मानजनक और सर्वोच्च है तथा उसका सत्कार हमेशा रहेगा, लेकिन इस पद पर बैठने वालों की नियुक्ति का तरीका सिख मर्यादा और परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जत्थेदार की नियुक्ति राजनीतिक प्रभाव से होती है, जो परंपरा के विरुद्ध है। “मैं उस गद्दी का नहीं, बल्कि उस पर बैठने वालों की बात करता हूं। यह राजनीतिक लोगों द्वारा नियुक्त किए जाते हैं, और यही सबसे बड़ी गलती है,” उन्होंने कहा।
सीएम मान ने गोलक के दुरुपयोग (मिसयूज) से जुड़े मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब गोलक से संबंधित अनियमितताओं पर सवाल उठाए जाते हैं, तो उनसे सबूत मांगे जाते हैं। उन्होंने जोड़ा कि यह सवाल संगत और समाज की तरफ से उठते हैं और वह केवल उनकी आवाज को आगे बढ़ा रहे हैं।
भगवंत मान ने दो दिसंबर की उस घटना का भी जिक्र किया जब अकाल तख्त साहिब ने सुखबीर सिंह बादल को तलब किया था। उन्होंने कहा कि उस समय के जत्थेदार ने उनसे इश्तिहार (Advertisement) को लेकर सवाल किया था और माना गया था कि इश्तिहार छपवाए गए थे। “उस समय कहा गया था—यह लोग जमा करवाएंगे। मैंने पार्लियामेंट में भी कहा था कि जेबों से जत्थेदार निकलते हैं,” सीएम मान ने कहा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि वह केवल जनता की और संगत की आवाज को मजबूती से सामने रख रहे हैं। सीएम ने कहा कि सिख परंपरा, मर्यादा और संस्थाओं की गरिमा सर्वोपरि है और इनका राजनीतिकरण किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0