दिवंगत नेता के भोग और अंतिम अरदास में की शिरकत डॉ. सोहल केवल राजनेता नहीं थे, बल्कि हमेशा लोक कल्याण के लिए समर्पित रहने वाले समाजसेवी थे - केजरीवाल मुख्यमंत्री ने डॉ. सोहल के निधन को व्यक्तिगत रूप से बड़ी क्षति बताया
दिवंगत नेता के भोग और अंतिम अरदास में की शिरकत डॉ. सोहल केवल राजनेता नहीं थे, बल्कि हमेशा लोक कल्याण के लिए समर्पित रहने वाले समाजसेवी थे - केजरीवाल मुख्यमंत्री ने डॉ. सोहल के निधन को व्यक्तिगत रूप से बड़ी क्षति बताया
खबर खास, चंडीगढ़ / तरन तारन-
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज तरन तारन से विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के दुखद और असमय निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी और राज्य के लिए बड़ी क्षति बताया।
दिवंगत विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के भोग और अंतिम अरदास के अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक ने उन्हें एक प्रमुख समाजसेवी बताया, जो हमेशा आम लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि भले ही दिवंगत विधायक डॉ. सोहल एक गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, फिर भी उन्होंने मिशनरी भावना के साथ लोगों की सेवा की, जिसके कारण वे बहुत लोकप्रिय थे।
केजरीवाल ने कहा कि वे पार्टी के एक वफादार सिपाही थे, जो जनता की सेवा करने की अपनी विचारधारा के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध थे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस संकट की घड़ी में दिवंगत नेता के परिवार के साथ खड़ी है। केजरीवाल ने कहा कि डॉ. सोहल के निधन से पार्टी ने एक अच्छा इंसान और अनुभवी राजनेता खो दिया, जो स्वच्छ और मूल्यों पर आधारित राजनीति में विश्वास रखते थे। उन्होंने डॉ. सोहल को एक ईमानदार राजनेता, समर्पित समाजसेवी और पार्टी का अनुशासित सिपाही बताया, जिन्होंने हमेशा राज्य के समग्र विकास, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्र और इसके लोगों के कल्याण को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डॉ. सोहल द्वारा एक डॉक्टर और विधायक के रूप में राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए दी गई शानदार सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
अंतिम अरदास के अवसर पर मुख्य मंत्री मान के साथ 'आप' नेता मनीष सिसोदिया भी उपस्थित थे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि दिवंगत विधायक एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. सोहल का निधन उनके जीवन की सबसे दुखद घटनाओं में से एक है, क्योंकि विधायक उनके बहुत करीबी थे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि विधायक का असमय निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसने अपने ऐसे ऊर्जावान नेता को खो दिया, जो आम लोगों में बहुत लोकप्रिय था।
मुख्य मंत्री ने कहा कि डॉ. सोहल की लोकप्रियता का अंदाजा आज उनकी अंतिम अरदास में समाज के हर वर्ग की उपस्थिति से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिवंगत डॉ. सोहल पूरे क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध थे। मुख्य मंत्री ने कहा कि अब उनका व्यक्तिगत कर्तव्य है कि वे दिवंगत नेता के सभी सपनों को साकार करें। तरन तारन विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे डॉ. सोहल द्वारा शुरू किए गए कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्य मंत्री ने कहा कि भले ही हम इस दुखद घटना को अकाल पुरख की इच्छा मानकर स्वीकार करते हैं, लेकिन वास्तव में इस दर्द और दुख को सहन करना बहुत कष्टदायक है। उन्होंने कहा कि दिवंगत डॉ. सोहल के निधन से ऐसी रिक्तता पैदा हुई है, जिसे भरना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दिवंगत विधायक एक प्रिय नेता थे, जो स्वच्छ और मूल्यों पर आधारित राजनीति में विश्वास रखते थे। दुखी परिवार के सदस्यों के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भगवंत सिंह मान ने अकाल पुरख से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और संकट की इस घड़ी में परिवार के सदस्यों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंची हजारों की संख्या में संगत में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, हरभजन सिंह ईटीओ और महिंदर भगत, वरिष्ठ 'आप' नेता मनीष सिसोदिया, पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी और अन्य हस्तियां शामिल थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0