लुधियाना में अत्याधुनिक स्टील संयंत्र से औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
लुधियाना में अत्याधुनिक स्टील संयंत्र से औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
ख़बर ख़ास, पंजाब :
पंजाब ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए विशेष इस्पात (स्पेशल स्टील) निर्माण क्षेत्र में ₹1,003.57 करोड़ का बड़ा ग्रीनफील्ड निवेश आकर्षित किया है। इस महत्वपूर्ण निवेश की जानकारी उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और बिजली मंत्री, पंजाब, श्री संजीव अरोड़ा ने दी। उन्होंने कहा कि यह निवेश राज्य के औद्योगिक और धातुकर्म पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करेगा।
यह निवेश एआईएसआरएम मल्टीमेटल्स प्राइवेट लिमिटेड (AISRM) द्वारा किया जाएगा, जो लगभग ₹2,200 करोड़ के टर्नओवर वाले प्रतिष्ठित अरोड़ा आयरन ग्रुप का हिस्सा है। कंपनी ने लुधियाना जिले के दोराहा–खन्ना रोड पर स्थित गांव जसपल्लों में लगभग 46 एकड़ क्षेत्र में एक अत्याधुनिक स्टील निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से 920 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक रोजगार को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
यह परियोजना तीन चरणों में लागू की जाएगी, जिसका पहला चरण सितंबर 2027 तक चालू होने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित इकाई की स्थापित उत्पादन क्षमता 5.40 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) होगी। यहां राउंड बार, वायर रॉड, कॉइल और फ्लैट्स जैसे उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। कच्चे माल के रूप में स्क्रैप और फेरो एलॉय का उपयोग किया जाएगा। संयंत्र लगभग 350 दिनों तक तीन पालियों में संचालित होगा, जो इसके बड़े पैमाने और निरंतर उत्पादन क्षमता को दर्शाता है।
श्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि इस संयंत्र में आधुनिक और उन्नत इस्पात निर्माण तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिनमें इंडक्शन फर्नेस, इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF), लैडल रिफाइनिंग फर्नेस (LRF), वैक्यूम डीगैसिंग, आर्गन ऑक्सीजन डीकार्बराइजेशन (AOD), कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीनें और अत्याधुनिक रोलिंग मिल्स शामिल हैं। इन तकनीकों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले एलॉय और विशेष इस्पात उत्पादों का निर्माण संभव होगा, जिनकी मांग ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स सेक्टर में तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह निवेश पंजाब के एलॉय और विशेष इस्पात पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा और लुधियाना को उत्तर भारत के एक प्रमुख औद्योगिक एवं धातुकर्म केंद्र के रूप में और सुदृढ़ करेगा। यह परियोजना पंजाब सरकार के औद्योगिक विकास, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और सतत निर्माण को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप है।
सीएम संजीव अरोड़ा ने यह भी कहा कि माननीय राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और माननीय मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के गतिशील नेतृत्व में पंजाब शीघ्र ही देश का सर्वश्रेष्ठ निवेश गंतव्य बनने की दिशा में अग्रसर है। यह परियोजना राज्य की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक मजबूती और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0