बरिंदर गोयल ने केंद्र और पड़ोसी राज्यों को आड़े हाथों लिया ; कहा, देश का पेट भरने वाले पंजाब को राहत पैकेज दे केंद्र सरकार; फाज़िल्का में बाढ़ राहत प्रबंधों का लिया जायज़ा
बरिंदर गोयल ने केंद्र और पड़ोसी राज्यों को आड़े हाथों लिया ; कहा, देश का पेट भरने वाले पंजाब को राहत पैकेज दे केंद्र सरकार; फाज़िल्का में बाढ़ राहत प्रबंधों का लिया जायज़ा
खबर खास, चंडीगढ़/फाज़िल्का :
पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज केंद्र सरकार और पड़ोसी राज्यों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ महीने पहले जब पंजाब से पानी छीनना था तो केंद्र सरकार सारे नियम-कानून ताक पर रखकर पंजाब का पानी लूटने पर उतारू था, लेकिन अब जब पंजाब को मदद की ज़रूरत है तो कोई भी आगे नहीं आ रहा।
आज यहाँ कावांवाली पत्तन पर बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करते समय पत्रकारों से बातचीत करते हुये कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि देश के लिए अनाज पैदा करने वाले पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार का फ़र्ज़ बनता है कि वह बिना माँगे पंजाब को राहत पैकेज दें। उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब का पानी इस्तेमाल करते हैं, उन्हें भी इस मुश्किल घड़ी में पंजाब की मदद के लिए आगे आना चाहिए था।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहाड़ों और पंजाब में हुई बारिश के कारण इस बार बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, लेकिन फिर भी पंजाब सरकार लोगों को तुरंत हर संभव मदद पहुँचा रही है और सभी विभागों की टीमें फील्ड में हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और उनकी कैबिनेट के सभी मंत्री व विधायक लगातार जनता के बीच पहुँच रहे हैं और राहत कार्यों को लोगों तक पहुँचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तो अपना हेलीकॉप्टर भी राहत कार्यों के लिए लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही विशेष गिरदावरी के आदेश दे चुके हैं और हुए नुकसान की भरपाई मुआवज़ा देकर की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं और प्रभावित लोगों को पानी वाले इलाकों से निकालकर राहत शिविरों में भेजा जा रहा है, जहाँ लोगों को खाने-पीने और रहने की सारी सुविधा पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गाँवों में हरे चारे और भूसे की कमी को देखते हुए पूरे पंजाब के लोग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
गोयल ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमों के अलावा सेना भी ज़िला प्रशासन की मदद कर रही है और आज भी 100 से अधिक लोगों को किश्तियों के माध्यम से बाहर निकाला गया है। ज़िले में सात राहत शिविर चल रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल बाँधों में पानी की आमद में कमी आई है, जो राहत की खबर है।
गौरतलब है कि पाँच दिनों में गोयल का यह फाज़िल्का ज़िले का दूसरा दौरा है और वे ख़ुद ज़मीनी स्तर पर पहुँचकर राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर फाज़िल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना, डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू और एसएसपी गुरमीत सिंह ने उन्हें स्थानीय हालातों से अवगत कराया और ज़िले में चलाए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम वीरपाल कौर, सहायक आयुक्त जनरल अमनदीप सिंह मावी और जल संसाधन विभाग के कार्यकारी इंजीनियर आलोक चौधरी भी मौजूद थे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026
Comments 0