बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं; कमियां मिलने पर तुरंत सुधार के निर्देश
बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं; कमियां मिलने पर तुरंत सुधार के निर्देश
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन की ओर से ‘सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी’ के तहत स्कूली बसों की जांच का अभियान लगातार जारी है। पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की हिदायतों और डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न स्कूलों में स्कूली बसों की चेकिंग की गई।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी डॉ. हरप्रीत कौर ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान माउंट कार्मल स्कूल कक्को, होशियारपुर तथा बिरला ओपन माइंड्स स्कूल, मॉडल टाउन में कुल 34 स्कूली बसों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 बसों के चालान किए गए।
जांच के दौरान कुछ बसों में एक्सपायर हो चुकी फर्स्ट एड किट, लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध न होना, निर्धारित यूनिफॉर्म न पहनने सहित अन्य कमियां पाई गईं। संबंधित स्कूल प्रबंधकों को कमियों को तत्काल दूर करने और सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी निर्धारित मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन की टीम ने इस दौरान स्कूल प्रबंधकों, ड्राइवरों और अटेंडेंट्स को स्कूली बच्चों की सुरक्षा संबंधी नियमों के बारे में जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बच्चों की जान को खतरा हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि बसों में सभी जरूरी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों।
स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी बस ड्राइवरों का समय-समय पर मेडिकल चेकअप करवाया जाए तथा ड्राइवर और अटेंडेंट निर्धारित यूनिफॉर्म में ही ड्यूटी करें। छोटे बच्चों के बस में चढ़ने और उतरने के समय विशेष सावधानी बरतने तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क पार करवाने के भी निर्देश दिए गए।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से अपील की कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों में पाए जाने वाली सभी कमियों को तुरंत दूर किया जाए और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस चेकिंग अभियान में जिला बाल सुरक्षा यूनिट की केस वर्कर किरण सैनी व सोशल वर्कर रणजीत कौर, रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी विभाग से अमनदीप सिंह, पुलिस विभाग से एएसआई शिवदेव सिंह व सिटी ट्रैफिक पुलिस होशियारपुर से रशपाल सिंह तथा शिक्षा विभाग से नोडल अधिकारी प्रभजोत सिंह सहित संबंधित टीम के सदस्य मौजूद थे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0