नंगे पांव पहुंचे सिख मंत्री और विधायक, जत्थेदार ने कहा- सिख धार्मिक मामलों से जुड़े कानून SGPC और श्री अकाल तख्त की सलाह से ही बनें
नंगे पांव पहुंचे सिख मंत्री और विधायक, जत्थेदार ने कहा- सिख धार्मिक मामलों से जुड़े कानून SGPC और श्री अकाल तख्त की सलाह से ही बनें
खबर खास । अमृतसर
पंजाब सरकार के जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 को लेकर सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में महत्वपूर्ण धार्मिक सुनवाई शुरू हुई। श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों के अनुसार पंजाब सरकार के सभी सिख मंत्री और विधायक नंगे पांव पांच सिंह साहिबानों के समक्ष पेश हुए और विवादित कानून पर अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपा।
इस सुनवाई में केवल आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री और विधायक ही नहीं, बल्कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और निर्दलीय विधायक भी शामिल हुए। इस पूरे घटनाक्रम पर धार्मिक और राजनीतिक दोनों हलकों की पैनी नजर बनी हुई है।
सुनवाई के दौरान पंजाब विधानसभा की सेलेक्ट कमेटी के चेयरमैन डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने श्री अकाल तख्त साहिब से अनुरोध किया कि कानून में किन-किन प्रावधानों को शामिल किया जाना चाहिए, इस संबंध में स्पष्ट मार्गदर्शन दिया जाए।
इस पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि कानून बनाना सरकार का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सिख धार्मिक मामलों से जुड़े किसी भी कानून को बनाने से पहले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और श्री अकाल तख्त साहिब से सलाह-मशविरा करना आवश्यक है।
सुनवाई शुरू होने से पहले श्री अकाल तख्त सचिवालय में गुरु साहिब की हजूरी में अरदास की गई। इसके बाद सिख मर्यादा और परंपराओं का पालन करते हुए पांच सिंह साहिबानों ने बेअदबी कानून में किए गए संशोधनों पर विचार-विमर्श शुरू किया।
अरदास में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार एवं तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज, श्री हरिमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी बलजीत सिंह और ज्ञानी केवल सिंह, तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह तथा श्री अकाल तख्त साहिब के पांच प्यारों में से एक ज्ञानी मंगल सिंह उपस्थित रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0