तीसरे दिन भी जारी ED की कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस में धक्का-मुक्की, चीमा-सिसोदिया ने केंद्र पर साधा निशाना
तीसरे दिन भी जारी ED की कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस में धक्का-मुक्की, चीमा-सिसोदिया ने केंद्र पर साधा निशाना
मोहाली में GAMADA कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के तीसरे दिन आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थकों और नेताओं ने कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे AAP कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में बैनर लेकर प्रदर्शन किया। एक बैनर पर लिखा था, ‘जब-जब मोदी डरता है, ED को आगे करता है।’
प्रदर्शन के दौरान GAMADA कार्यालय के बाहर तैनात पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परिसर में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का गेट तोड़ दिया और इसके बाद बड़ी संख्या में अंदर प्रवेश कर गए। कार्यकर्ताओं ने GAMADA मुख्यालय के भीतर भी नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ED की कार्रवाई के बीच कार्यालय परिसर में प्रदर्शनकारियों के प्रवेश के बाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। AAP समर्थकों का कहना था कि GAMADA कार्यालय में लगातार तीसरे दिन चल रही ED की कार्रवाई को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदर्शन के कारण कार्यालय के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जबकि पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।
इस बीच भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने AAP के ED टीमों के घेराव को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि धरनों के ड्रामे से सच नहीं छिपता। उन्होंने इसे ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा बताया।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी प्रदेश में ED की बढ़ती कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। चीमा ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ पंजाब में ED की छापेमारी तेज हो गई है और AAP नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इन कार्रवाइयों को केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग से जोड़ते हुए सवाल उठाए। चीमा ने कहा कि पंजाब डराने-धमकाने की राजनीति के आगे न पहले झुका है और न आगे झुकेगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने भी ED की कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले अधिकारियों, AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई के बावजूद सरकार या AAP के खिलाफ कुछ हासिल नहीं हो रहा और पंजाब इस तरह की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगा।
AAP के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार और ED पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां स्वतंत्र तरीके से काम करने के बजाय राजनीतिक इशारों पर लोगों में डर पैदा करने का जरिया बन गई हैं। सिसोदिया ने दावा किया कि ED की टीमें लोगों के घरों में ताले तोड़कर प्रवेश कर रही हैं और विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
सिसोदिया ने आगे दावा किया कि कई ठिकानों पर छापेमारी और जांच के बावजूद ED को कुछ हासिल नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से सच को दबाया नहीं जा सकता और जनता केंद्रीय एजेंसियों की कार्यशैली को देख रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0