3 मुख्य सड़कें क्षतिग्रस्त, PGI के बाहर लंबा जाम; गांवों का संपर्क टूटा, सुखना झील का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
3 मुख्य सड़कें क्षतिग्रस्त, PGI के बाहर लंबा जाम; गांवों का संपर्क टूटा, सुखना झील का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
चंडीगढ़ में मंगलवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी। शाम 4 से 6 बजे के बीच हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कें पानी में डूब गईं। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई स्थानों पर 3 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई और कई वाहन पानी में फंसकर खराब हो गए।
बुधवार सुबह भी शहर में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। इसके चलते कई प्रमुख सड़कों को नुकसान पहुंचा। सेक्टर-26 में ट्रांसपोर्ट लाइट के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके अलावा सेक्टर-29 और सेक्टर-9/10 के लाइट प्वाइंट के पास भी सड़क टूटने की सूचना है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण PGI के बाहर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सेक्टर-28 और सेक्टर-26 की डिवाइडिंग रोड भी बारिश के कारण धंस गई और वहां गहरा गड्ढा बन गया। इस मार्ग पर अक्सर VVIP आवाजाही रहती है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
राव नदी उफान पर, कई गांवों का चंडीगढ़ से संपर्क टूटा
चंडीगढ़ और मोहाली में हुई भारी बारिश का असर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। मोहाली से होकर गुजरने वाली पटियाला की राव नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से नवांगांव, टांडा और टांडी काने का बाड़ा समेत कई गांवों का चंडीगढ़ से संपर्क प्रभावित हो गया है। पानी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है और कई बच्चे स्कूल भी नहीं पहुंच सके।
सुखना झील का जलस्तर बढ़ा, फ्लड गेट खोलने की तैयारी
लगातार बारिश के बाद चंडीगढ़ की सुखना झील का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। झील का जलस्तर करीब 1158.5 फीट तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है, जबकि खतरे का निशान 1163 फीट बताया जा रहा है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए फ्लड गेट खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही झील और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
घग्गर का जलस्तर बढ़ा, मुबारिकपुर कॉजवे फिर ओवरफ्लो
भारी बारिश के कारण घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से मुबारिकपुर कॉजवे इस मानसून सीजन में दूसरी बार ओवरफ्लो हो गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार शाम कॉजवे पर दोनों तरफ से आवाजाही बंद कर दी। इसके आसपास बनी 100 से अधिक झुग्गियों को भी खाली करवाया गया और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
मंगलवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान चंडीगढ़ की कई सड़कें नदियों जैसी नजर आईं। जलभराव के कारण बड़ी संख्या में वाहन बीच रास्ते में फंस गए और कई दोपहिया तथा चारपहिया वाहन खराब हो गए। मध्य मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि वाहन पानी में तैरते हुए नजर आए। पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0