59.07% छात्र हुए पास, 3,271 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा, 4 सितंबर तक री-इवैल्यूएशन और री-चेकिंग के लिए कर सकते हैं आवेदन
59.07% छात्र हुए पास, 3,271 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा, 4 सितंबर तक री-इवैल्यूएशन और री-चेकिंग के लिए कर सकते हैं आवेदन
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल विद्यार्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इस वर्ष सप्लीमेंट्री परीक्षा में कुल 59.07 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। रिजल्ट जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार भी खत्म हो गया है।
हिमाचल बोर्ड की 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की गई थी। परीक्षा 16 जुलाई तक चली और सभी परीक्षाएं सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई थीं। इस परीक्षा में कुल 3,271 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 1,931 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि 1,123 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 59.07 फीसदी रहा।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले HPBOSE की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाना होगा। इसके बाद रिजल्ट सेक्शन में जाकर कक्षा 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 के परिणाम की लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां विद्यार्थी को अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। विवरण सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा। विद्यार्थी अपने परिणाम को डाउनलोड करने के साथ उसका प्रिंटआउट भी सुरक्षित रख सकते हैं। बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रमाणपत्र की कॉपी डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
4 सितंबर तक री-इवैल्यूएशन और री-चेकिंग का मौका
जो विद्यार्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे अपनी आंसर शीट की री-इवैल्यूएशन या री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित स्कूल के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। री-इवैल्यूएशन के लिए प्रति विषय 1,000 रुपये, जबकि री-चेकिंग के लिए प्रति विषय 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर 2026 है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे और बिना शुल्क जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी कामकाजी दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बोर्ड मुख्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मंडी और L&S के लिए 01892-242139, कांगड़ा के लिए 242140, शिमला, किन्नौर और हमीरपुर के लिए 242141, चंबा, बिलासपुर और कुल्लू के लिए 242142 तथा ऊना, सोलन और सिरमौर के लिए 242150 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0