आतंक की साजिश से जुड़े मामलों में कई ठिकानों पर तलाशी, पुंछ-उधमपुर में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई; नशा नेटवर्क पर भी कसा शिकंजा
आतंक की साजिश से जुड़े मामलों में कई ठिकानों पर तलाशी, पुंछ-उधमपुर में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई; नशा नेटवर्क पर भी कसा शिकंजा
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को कई जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कश्मीर के कुलगाम, बांदीपोरा और बारामुला जिले के सोपोर इलाके में कई आवासीय परिसरों की तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सीमा पार आतंकवाद से जुड़ी साजिश के मामले में चल रही जांच का हिस्सा है।
सोपोर में NIA की टीम ने पुलिस स्टेशन सोपोर के अंतर्गत गुंड ब्राठ इलाके में गुलाम मोहम्मद तंतरी के आवास पर तलाशी ली। इसके अलावा अरामपोरा के तेलियां मोहल्ला निवासी शबनम के गौसिया आबाद स्थित आवास पर भी जांच एजेंसी ने तलाशी अभियान चलाया। कुलगाम और बांदीपोरा में भी कई आवासीय परिसरों को खंगाला गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस और CRPF के जवानों ने NIA की टीमों को सुरक्षा और अन्य जरूरी सहयोग दिया।
इसी बीच राज्य जांच एजेंसी की ओर से जम्मू संभाग के पुंछ और उधमपुर जिलों में भी तीन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। टीमों ने पुंछ के मंडी और सुरनकोट तथा उधमपुर के रामनगर इलाके में कार्रवाई की। मंडी के चीला डांगरी इलाके में मुन्नबर हुसैन के आवासीय परिसर की भी तलाशी ली गई। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर अधिकारियों की ओर से फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
आतंकवाद से जुड़े एक अन्य मामले में NIA ने जम्मू की विशेष अदालत को बताया कि लश्कर-ए-ताइबा का संस्थापक और भारत का मोस्ट वांटेड आतंकवादी हाफिज सईद पाकिस्तान में मौजूद है। एजेंसी की याचिका पर अदालत ने उसके खिलाफ दो महीने के भीतर दूसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी किया है। NIA के अनुसार जांच में सामने आया है कि हाफिज सईद कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी संगठनों को हथियार, धन और निर्देश मुहैया करा रहा है।
यह मामला श्रीनगर के पांदाच इलाके में मोहम्मद नकीब भट की गिरफ्तारी के बाद सामने आए आतंकी नेटवर्क से जुड़ा है। भट के कब्जे से चीन निर्मित ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। जांच आगे बढ़ने पर लश्कर-ए-ताइबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े कई आतंकियों के साथ दो पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले जुलाई में भी अदालत हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है।
आतंकवाद के साथ-साथ नशा तस्करी के खिलाफ भी सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवंतीपोरा में पुलिस ने कश्मीर से बाहर भेजी जा रही करीब 1.8 क्विंटल केसर के कंद की खेप जब्त कर उसे बाहर भेजने की कोशिश नाकाम कर दी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
वहीं, अनंतनाग पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए वाघामा इलाके में करीब 20 स्थानों पर नार्को कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के अनुसार वाघामा को जिले में नशे के कारोबार के हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया गया है। अभियान के दौरान 13 संदिग्ध नार्को तस्करों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य स्थानीय नशा नेटवर्क की पहचान कर उसे खत्म करना और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को जड़ से तोड़ना है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
इससे पहले NCB जम्मू ने जम्मू-कश्मीर में हेरोइन तस्करी के दो प्रमुख मार्गों का खुलासा करते हुए अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। जांच में जम्मू-सांबा क्षेत्र के साथ पंजाब से जुड़े सप्लाई नेटवर्क का भी पता चला था। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और जांच एजेंसियों की लगातार कार्रवाई से आतंकवाद तथा नशे के नेटवर्क पर निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0