जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते प्रशासन का एहतियाती कदम, वैध RFID कार्ड वाले श्रद्धालुओं को भी सुरक्षा आकलन के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते प्रशासन का एहतियाती कदम, वैध RFID कार्ड वाले श्रद्धालुओं को भी सुरक्षा आकलन के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति
जम्मू-कश्मीर में लगातार बिगड़ रहे मौसम के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा को लेकर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने यात्रा के लिए नया पंजीकरण अस्थायी रूप से रोक दिया है। इसके साथ ही कटरा से सांझीछत के बीच चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा भी कम विजिबिलिटी के कारण पूरी तरह स्थगित कर दी गई है।
श्राइन बोर्ड के मुताबिक, जिन श्रद्धालुओं का पंजीकरण पहले ही हो चुका है और उनके पास वैध RFID कार्ड हैं, उन्हें मौसम की स्थिति और सुरक्षा अधिकारियों के आकलन के आधार पर ही यात्रा की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन और श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खराब मौसम में किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।
जानकारी के अनुसार, यात्रा के लिए नया पंजीकरण रोके जाने से पहले दोपहर करीब 3 बजे तक लगभग 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, कटरा बेस कैंप में श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की सलाह दी जा रही है।
कम विजिबिलिटी के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को भी रोक दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम साफ होने और उड़ान के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद ही सेवा दोबारा शुरू की जाएगी। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस बीच, मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। जम्मू संभाग के मैदानी और ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह कुछ समय के लिए तेज बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर दोपहर बाद से शाम के बीच तेज बारिश हो सकती है।
कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में रात से ही बारिश का दौर जारी है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने तथा तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
वहीं, बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था गुरुवार सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पुंछ जिले की मंडी तहसील के लिए रवाना हुआ। माता वैष्णो देवी यात्रा का नया पंजीकरण कब दोबारा शुरू किया जाएगा, इसका फैसला मौसम और सुरक्षा परिस्थितियों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0