बाली के पास यात्री नौका में लगी भीषण आग, 106 लोगों को बचाया गया
बाली के पास यात्री नौका में लगी भीषण आग, 106 लोगों को बचाया गया
इंडोनेशिया के पर्यटन द्वीप बाली के पास बुधवार सुबह खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच एक यात्री नौका में अचानक आग लग गई। हादसे के बाद बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया और अब तक 106 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नौका में सवार अन्य 25 लोगों को भी सुरक्षित निकालने की कोशिश लगातार जारी है।
माताराम सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख मोहम्मद हरियादी ने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि समुद्र में करीब चार मीटर ऊंची लहरों के कारण राहत और बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ‘पुत्री यास्मीन’ नाम की यह नौका बाली के पैडंग बाई बंदरगाह से पश्चिम नुसा तेंगारा प्रांत के लोम्बोक द्वीप स्थित लेम्बर बंदरगाह के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4 बजकर 15 मिनट पर नौका में आग लग गई। करीब आधे घंटे बाद अधिकारियों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद बचाव दल और नौकाओं को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
बचाव अभियान में इंडोनेशियाई नौसेना के जहाजों, गश्ती नौकाओं और बचाव पोतों के साथ-साथ हवाई निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है। आसपास से गुजर रहे जहाज भी राहत अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
पैडंगबाई बंदरगाह प्राधिकरण की यात्री सूची के अनुसार, नौका में 114 यात्री और चालक दल के 17 सदस्य सवार थे। इसके अलावा नौका पर 44 वाहन और 53 मोटरसाइकिल भी लदी हुई थीं।
इंडोनेशिया 17 हजार से अधिक द्वीपों वाला देश है, जहां समुद्री परिवहन लोगों की आवाजाही का एक प्रमुख साधन है। देश में समुद्री हादसे अक्सर सामने आते हैं और विशेषज्ञ इसके पीछे सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन में कमी को प्रमुख कारणों में गिनाते हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0