शुक्रवार की नमाज के दौरान विस्फोट, विस्फोटकों से लदा वाहन गेट से टकराया; मस्जिद की दीवार ढही, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
शुक्रवार की नमाज के दौरान विस्फोट, विस्फोटकों से लदा वाहन गेट से टकराया; मस्जिद की दीवार ढही, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस परिसर में स्थित मस्जिद के पास जोरदार धमाका हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोटकों से भरा एक वाहन पुलिस लाइंस में मस्जिद के गेट से टकराया, जिसके बाद शक्तिशाली धमाका हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और एक दीवार भी ढह गई। धमाके के बाद घटनास्थल के बाहर गड्ढा बनने की भी जानकारी सामने आई है।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने बताया कि घटना शुक्रवार की नमाज के दौरान हुई। उनके अनुसार, मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। वहीं, जिला मुख्यालय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ताहिर अली शाह ने बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए थे और 50 से अधिक घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
धमाके के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। बचाव और राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुटी हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में धमाके को फिदायीन हमला बताया जा रहा है और यह भी कहा गया है कि विस्फोट के बाद मस्जिद के बाहर गोलीबारी हुई। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं और विस्फोट के पीछे की परिस्थितियों तथा हमले में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0