दोपहर 2 बजे तक बस सेवाएं प्रभावित, शिमला ISBT में यात्री घंटों करते रहे इंतजार; कई रूट स्थगित
दोपहर 2 बजे तक बस सेवाएं प्रभावित, शिमला ISBT में यात्री घंटों करते रहे इंतजार; कई रूट स्थगित
पंजाब में बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार को बुलाए गए पंजाब बंद का असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिला। पंजाब में बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने प्रदेश से पंजाब की ओर जाने वाली बस सेवाओं को दोपहर 2 बजे तक रोक दिया। इसका सीधा असर शिमला के आईएसबीटी में देखने को मिला, जहां दिल्ली, चंडीगढ़, नालागढ़ और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों की ओर जाने वाले यात्री घंटों तक बसों का इंतजार करते रहे।
बस सेवाएं प्रभावित होने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। यात्रियों को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी कि दोपहर 2 बजे के बाद बसों का संचालन सामान्य होगा या नहीं। इसके चलते आईएसबीटी में यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही।
हरियाणा के पिंजौर जाने वाली यात्री पूनम शर्मा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ करीब चार घंटे से आईएसबीटी में बस का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की पुख्ता जानकारी नहीं मिल रही कि दोपहर 2 बजे के बाद बस सेवा बहाल होगी या नहीं।
वहीं, नालागढ़ जाने वाले कांगड़ा निवासी सुनील कुमार और अरुण कुमार ने बताया कि वे काफी देर से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने गंतव्य तक जाने के लिए कोई बस नहीं मिली। यात्रियों ने कहा कि पंजाब बंद के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और यात्रा का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया है।
हालात देखकर लिया जाएगा बस संचालन का फैसला
हिमाचल पथ परिवहन निगम के अड्डा इंचार्ज संदीप राणा ने बताया कि पंजाब में बंद को देखते हुए HRTC की बसों को दोपहर 2 बजे के बाद ही प्रदेश से बाहर भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोपहर 2 बजे के बाद भी पंजाब में स्थिति का जायजा लेने के बाद ही बसों को रवाना किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम के कई रूटों को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा है। पंजाब में स्थिति सामान्य होने के बाद ही इन रूटों पर बस सेवाओं को दोबारा शुरू करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
पंजाब बंद का असर हिमाचल से पंजाब और पड़ोसी राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा है। बस सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को लंबे इंतजार के साथ अपनी यात्रा को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0