चेन्नई की महिला श्रद्धालु ने दिया था दान का चेक, रकम के इस्तेमाल को लेकर रखी थी विशेष शर्त; ट्रस्ट मामले को सुलझाने में जुटा
चेन्नई की महिला श्रद्धालु ने दिया था दान का चेक, रकम के इस्तेमाल को लेकर रखी थी विशेष शर्त; ट्रस्ट मामले को सुलझाने में जुटा
चेन्नई से अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला श्रद्धालु ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये के दान का चेक दिया, लेकिन जब ट्रस्ट ने चेक बैंक में जमा कराया तो वह बाउंस हो गया। बैंक जांच में महिला के खाते में महज 3 रुपये की राशि मिली।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने मंदिर निर्माण और व्यवस्थाओं के लिए ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये का चेक दिया था। चेक बैंक में जमा होने के बाद पता चला कि खाते में इतनी बड़ी रकम के लिए पर्याप्त राशि मौजूद ही नहीं थी। अब बैंक की ओर से महिला को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। उससे यह पूछा जाएगा कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने के बावजूद 4 करोड़ रुपये का चेक क्यों जारी किया गया।
बताया गया है कि महिला श्रद्धालु ने ट्रस्ट को 10 हजार रुपये का अलग से दान भी दिया था। वहीं, 4 करोड़ रुपये की राशि को लेकर महिला की शर्त थी कि इसका इस्तेमाल केवल मंदिर कर्मचारियों की सुविधाओं पर किया जाए। ट्रस्ट ने इस शर्त पर कोई आश्वासन नहीं दिया है और फिलहाल महिला से बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और रखरखाव के लिए बड़ी मात्रा में दान प्राप्त हुआ है। वर्ष 2020 में चलाए गए ‘निधि समर्पण अभियान’ के दौरान महज 45 दिनों में करीब 3,500 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने चेक के जरिए भी योगदान दिया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अभियान के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के चेक शुरुआती तौर पर तकनीकी कारणों से बाउंस हो गए थे। बाद में इनमें से अधिकांश चेक दोबारा जमा कराकर रकम की वसूली कर ली गई, हालांकि करीब 22 करोड़ रुपये की राशि अब भी बकाया होने की बात कही गई है।
ट्रस्ट को हर महीने नकद, ऑनलाइन ट्रांसफर और चेक के माध्यम से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये का दान मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें अकेले चेक के जरिए हर महीने लगभग 1 से 1.5 करोड़ रुपये का योगदान आता है।
फिलहाल इस 4 करोड़ रुपये के चेक मामले में ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह घटनाक्रम उस मामले के कुछ समय बाद सामने आया है, जिसमें जून में मंदिर में दिए गए दान की चोरी और कथित हेराफेरी को लेकर मामला सामने आया था।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0