करंट फैलने की अफवाह के बाद बिगड़े हालात, हरसिद्धि मंदिर में भी भीड़ के दबाव से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी
करंट फैलने की अफवाह के बाद बिगड़े हालात, हरसिद्धि मंदिर में भी भीड़ के दबाव से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार के बीच करंट फैलने की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते भीड़ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई इस घटना में करीब छह श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।
घटना के बाद घायलों और तबीयत बिगड़ने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी का इलाज किया जा रहा है। भगदड़ के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र नामक श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आई है। अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें लगी हैं और उनका उपचार किया गया।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए मंदिर में दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने का प्रयास शुरू किया। सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था सुचारू बताई जा रही है।
ग्वालियर से नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि वह अपनी भतीजी सोनम राणा के साथ रात से ही दर्शन की कतार में लगे हुए थे। उनका आरोप है कि मंदिर में आम श्रद्धालुओं को बार-बार रोका जा रहा था, जबकि वीआईपी श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जा रहे थे। उनके मुताबिक, अचानक श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि धक्का-मुक्की के कारण कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर प्रभावित श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0