62 कर्मचारी बर्खास्त, 10 निलंबित; कर्मचारी संगठनों ने 13 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का किया ऐलान
62 कर्मचारी बर्खास्त, 10 निलंबित; कर्मचारी संगठनों ने 13 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का किया ऐलान
हरियाणा में सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन और अग्निशमन कर्मियों की एक महीने से अधिक समय से जारी हड़ताल को लेकर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई के बावजूद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने के बजाय इसे चार दिन और बढ़ाने का फैसला किया है।
राज्य सरकार ने मंगलवार को 38 और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें 30 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया गया, जबकि आठ कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इससे एक दिन पहले सोमवार को भी 32 कर्मचारियों को बर्खास्त और दो को निलंबित किया गया था। इस तरह पिछले दो दिनों में कुल 62 कर्मचारी बर्खास्त और 10 कर्मचारी निलंबित किए जा चुके हैं।
सरकार की कार्रवाई के बीच नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। कर्मचारी संगठनों के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री और महासचिव मांगेराम तिगरा ने बताया कि 6 अगस्त से चल रही हड़ताल को अब चार दिन और बढ़ा दिया गया है। कर्मचारियों की हड़ताल अब 10, 11, 12 और 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
कर्मचारी नेता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस समाधान नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, प्रदेश सरकार का कहना है कि वह कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार के मुताबिक, सफाई कर्मचारियों की करीब एक दर्जन मांगों को पहले ही स्वीकार किया जा चुका है, जबकि बाकी मांगों पर भी गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है।
सरकार का दावा है कि उसके सकारात्मक रुख को देखते हुए बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। साथ ही, हड़ताल पर चल रहे अन्य कर्मचारियों से भी सरकार ने ड्यूटी पर वापस लौटने और अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की है।
फिलहाल सरकार की सख्ती और कर्मचारियों के आंदोलन के बीच गतिरोध बना हुआ है। आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच बातचीत से हड़ताल खत्म होती है या आंदोलन और आगे बढ़ता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0