सरकार रखेगी सत्कार संशोधन कानून पर अपना पक्ष्र, स्पीकर कुलतार संधवां भी रहेंगे साथ
सरकार रखेगी सत्कार संशोधन कानून पर अपना पक्ष्र, स्पीकर कुलतार संधवां भी रहेंगे साथ
खबर खास । अमृतसर
अमृतसर: पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री और विधायक सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 को लेकर राज्य सरकार का पक्ष रखेंगे।
रविवार को अमृतसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अकाल तख्त की ओर से जिन मंत्रियों और विधायकों को तलब किया गया है, वे सभी निर्धारित समय पर पेश होंगे। इस दौरान पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां आवश्यक होगा, वहां सरकार लिखित जवाब भी सौंपेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेश होने वाले सभी मंत्री और विधायक कार्यवाही पूरी होने के बाद अपना पक्ष भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्च धार्मिक मर्यादा का पूरा सम्मान करती है और उसके हर निर्देश का श्रद्धा और ईमानदारी से पालन करेगी।
भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से अकाल तख्त ने तलब नहीं किया है। उन्होंने बताया कि उनके नाम पर मास्क पहनकर बनाए गए एक फर्जी वीडियो के संबंध में भी सरकार अकाल तख्त को एक स्पष्टीकरण पत्र और संबंधित वीडियो सौंपेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पीकर, मंत्री और विधायक पूरी विनम्रता के साथ पंजाब सरकार का पक्ष धार्मिक संस्था के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
गौरतलब है कि श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में पारित बेअदबी से संबंधित कानून पर आपत्ति जताई है। कानून के समर्थन में मतदान करने वाले मंत्रियों और विधायकों से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि उन्होंने संशोधन का समर्थन क्यों किया। ऐसे में सोमवार को होने वाली यह पेशी पूरे विवाद का अहम पड़ाव मानी जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0