पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोबारा पेशी, गंभीर आपराधिक मामले में कार्रवाई जारी
पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोबारा पेशी, गंभीर आपराधिक मामले में कार्रवाई जारी
खबर खास, अजनाला -
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को आज अजनाला कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फिर पेश किया जाएगा। उनकी दो दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद यह पेशी हो रही है। मामले से जुड़े कानूनी घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।
एडवोकेट करमवीर सिंह के अनुसार, अमृतपाल सिंह की पिछली पुलिस रिमांड पूरी हो चुकी है, जिसके चलते उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जा रहा है। आज की सुनवाई में यह तय किया जा सकता है कि आगे पुलिस रिमांड बढ़ाई जाएगी या उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
इससे पहले पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम 21 अप्रैल को डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची थी, जहां अमृतपाल सिंह को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत हिरासत में रखा गया था। उनकी एनएसए के तहत हिरासत 22 अप्रैल को समाप्त हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने पुराने आपराधिक मामले में कार्रवाई तेज कर दी।
एनएसए की अवधि खत्म होने के बाद पुलिस ने एफआईआर नंबर 39 के तहत जांच को आगे बढ़ाया है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) समेत कई गंभीर धाराएं शामिल हैं। उनके वकील एडवोकेट रितुराज सिंह ने पुष्टि की है कि भले ही एनएसए की हिरासत खत्म हो चुकी है, लेकिन आपराधिक मामले की सुनवाई जारी है।
कानूनी सूत्रों के मुताबिक, इस केस से जुड़े कई अन्य आरोपियों को पहले ही कोर्ट में पेश किया जा चुका है। यह मामला कानूनी और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, और आज की सुनवाई आगे की प्रक्रिया के लिए अहम साबित हो सकती है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0