ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगाए जा रहे थे अवैध हथियार, जांच जारी—और गिरफ्तारियां संभव
ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगाए जा रहे थे अवैध हथियार, जांच जारी—और गिरफ्तारियां संभव
ख़बर ख़ास | अमृतसर
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। यह कार्रवाई राज्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुहिम के तहत की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21), सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23), तनुप्रीत सिंह (26) और करणजोत सिंह उर्फ साजन (26) के रूप में हुई है, जो अमृतसर और आसपास के इलाकों के निवासी हैं। बरामद हथियारों में दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), चार .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) और एक अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। ये अवैध हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से मंगाए जाते थे और बाद में इन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस को शक है कि यह गिरोह एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है।
पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सुनियोजित ऑपरेशन चलाकर मुख्य आरोपी समरबीर सिंह को दो ग्लॉक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी पूछताछ के बाद अन्य तीन आरोपियों को भी काबू किया गया और पांच और हथियार बरामद किए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि सतनाम सिंह उर्फ सत्ता पहले एक मादक पदार्थ तस्करी मामले में शामिल रह चुका है, जिसमें उसके पास से 8 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शिक्षित हैं और पहले निजी कंपनियों में काम कर चुके हैं, लेकिन बाद में आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए।
इस संबंध में पुलिस थाना कैंट, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी की संभावना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0