एजीटीएफ ने राजिंद्रा कॉलेज की चारदीवारी के पास संदिग्ध हालत में आरोपी को दबोचा, विदेश स्थित गैंगस्टर के इशारे पर हथियार जुटाने का खुलासा
एजीटीएफ ने राजिंद्रा कॉलेज की चारदीवारी के पास संदिग्ध हालत में आरोपी को दबोचा, विदेश स्थित गैंगस्टर के इशारे पर हथियार जुटाने का खुलासा
खबर खास | बठिंडा
पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब को बड़ी सफलता मिली है। एजीटीएफ ने बठिंडा में विदेश स्थित गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एक गुर्गे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी .32 बोर अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पंजाब में किसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसदीप सिंह उर्फ जस्सा (25), निवासी गांव बीड़ बहमण, बठिंडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जसदीप ने विदेश स्थित गैंगस्टर के निर्देशों पर अवैध हथियार हासिल किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस नेटवर्क के जरिए आरोपी तक पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे।
डीजीपी ने कहा कि मामले की जांच के दौरान आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके आगे-पीछे के संबंधों को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रस्तावित वारदात के पीछे किस तरह की साजिश थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि एजीटीएफ की पुलिस टीमें इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान राजिंद्रा कॉलेज की चारदीवारी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह घबरा गया और उसकी गतिविधियां टीम को संदिग्ध लगीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान जसदीप सिंह उर्फ जस्सा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
एडीजीपी प्रमोद बान के अनुसार जसदीप का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह शस्त्र अधिनियम सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस संबंध में थाना कोतवाली, बठिंडा में 10 अगस्त 2026 को शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 164 दर्ज की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0