अंडर-18 डबल्स में टॉप सीड्स को हराकर भारत को दिलाया पहला स्वर्ण, नागा मोक्ष ने जीता कांस्य
अंडर-18 डबल्स में टॉप सीड्स को हराकर भारत को दिलाया पहला स्वर्ण, नागा मोक्ष ने जीता कांस्य
ख़बर ख़ास, खेल :
भारत के युवा खिलाड़ियों अर्जुन सिंह और आदित्य सिंह ने यूएस ओपन पिकलबॉल चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अमेरिका के नेपल्स, फ्लोरिडा में खेले गए अंडर-18 बॉयज़ डबल्स फाइनल में भारतीय जोड़ी ने टॉप सीड अमेरिकी खिलाड़ियों राइडर ब्राउन और सोली मेसिरी को सीधे सेटों में 11-1, 11-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अर्जुन और आदित्य ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, उसने सभी को प्रभावित किया और उन्हें उभरते सितारों के रूप में स्थापित कर दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद दोनों खिलाड़ियों ने इसे अपने जीवन का बेहद खास पल बताया और कहा कि यह उपलब्धि उनके परिवार और समर्थकों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन और महाराष्ट्र पिकलबॉल एसोसिएशन का विशेष आभार जताया, जिनके सहयोग से उन्हें इस मंच पर खेलने का अवसर मिला।
महिला सिंगल्स वर्ग में भी भारत को सफलता मिली, जहां नागा मोक्ष ने कड़े मुकाबले के बाद कांस्य पदक जीतकर देश की पदक तालिका में इजाफा किया। यह भारत की इस टूर्नामेंट में पहली आधिकारिक भागीदारी है, जिसे इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन के सहयोग से संभव बनाया गया है।
टूर्नामेंट में भारत की अंडर-18 डबल्स श्रेणी में तीन जोड़ियां उतरी थीं, जिनमें अर्जुन-आदित्य के अलावा जीत सूद/युवराज सिंह और पंथ ठक्कर/अथर्वा शेट भी शामिल थे। पंथ और अथर्वा ने क्वार्टरफाइनल तक पहुंचकर टॉप-8 में जगह बनाई, जबकि जीत और युवराज राउंड ऑफ 32 में बाहर हो गए।
भारतीय पिकलबॉल संघ के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह भुल्लर ने इस जीत को भारत के लिए एक बड़ा संकेत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में पिकलबॉल में भारत का दबदबा देखने को मिलेगा। वहीं, अन्य भारतीय खिलाड़ी जैसे पूर्वांश पटेल, मिहिका यादव और धीरन पटेल भी टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं, जिससे भारत की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0