'शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब' अभियान के तहत मोबाइल लैब, पोर्टेबल टेस्टिंग किट और मुफ्त जांच सुविधा से मिलावटखोरों पर शिकंजा
'शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब' अभियान के तहत मोबाइल लैब, पोर्टेबल टेस्टिंग किट और मुफ्त जांच सुविधा से मिलावटखोरों पर शिकंजा
खबर खास । चंडीगढ़
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने दूध में मिलावट के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए 'शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब' अभियान के तहत समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-2202 शुरू की है। इसके साथ ही दूध की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों के निपटारे और लोगों को मार्गदर्शन देने के लिए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी की भी नियुक्ति की गई है।
पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से अब तक डेयरी विकास विभाग द्वारा राज्यभर में आयोजित 160 जागरूकता एवं जांच शिविरों के दौरान 6,000 दूध के नमूनों की जांच की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि दूध की गुणवत्ता जांच को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग ने चार मोबाइल प्रयोगशाला वैन तैनात की हैं, जबकि जल्द ही पांच नई मोबाइल लैब भी इस अभियान से जुड़ेंगी। इसके अलावा, पंजाब के सभी जिला उपनिदेशक (डेयरी विकास) कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित रूप से दूध की जांच की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि सरकार ने गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के सहयोग से 5,000 पोर्टेबल दूध मिलावट जांच किट जिला डेयरी विकास कार्यालयों तथा 500 किट पशुपालन विभाग के वेटरनरी पॉलीक्लीनिकों और जागरूकता शिविरों में वितरित किए हैं।
इन पोर्टेबल किटों की मदद से मौके पर ही दूध में फैट, एसएनएफ (सॉलिड्स-नॉट-फैट), प्रोटीन और यूरिया, स्टार्च तथा हाइड्रोजन पेरॉक्साइड सहित छह सामान्य मिलावट वाले तत्वों की तत्काल जांच की जा सकती है। इससे अधिकारियों और डेयरी किसानों को केंद्रीय प्रयोगशालाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और मिलावट के मामलों में तेजी से कार्रवाई संभव होगी।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि मिलावटी दूध न केवल लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि ईमानदार डेयरी किसानों की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल लैब, त्वरित जांच किट और टोल-फ्री हेल्पलाइन के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि उपभोक्ताओं तक केवल गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध दूध पहुंचे तथा असली डेयरी उत्पादकों के हितों की रक्षा हो।
पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने बताया कि अब नागरिक अपने दूध के नमूनों की मुफ्त जांच सभी जिला उपनिदेशक (डेयरी विकास) कार्यालयों में करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए राज्य नोडल अधिकारी से 98784-41386 और 0172-5027285 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
राज्य सरकार ने 'शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब' अभियान के तहत प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान भी शुरू किया है, जिसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और शुद्ध दूध के अधिकार के प्रति जागरूक करना तथा दूध में मिलावट रोकने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0