महिला टीम ने रचा इतिहास, हर खिलाड़ी ने जीता मेडल
महिला टीम ने रचा इतिहास, हर खिलाड़ी ने जीता मेडल
ख़बर ख़ास, खेल :
मंगोलिया में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुई, जहां भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने कुल 10 मेडल अपने नाम किए, जिनमें 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। खास बात यह रही कि भारतीय टीम की हर खिलाड़ी मेडल जीतकर लौटी, जो इस टूर्नामेंट में भारत के दबदबे को साफ दर्शाता है।
कोच सैंटियागो निवा के मार्गदर्शन में टीम ने बेहतरीन तालमेल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। मीनाक्षी (48kg), प्रीति (54kg), प्रिया (60kg) और अरुंधति (70kg) ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। मीनाक्षी ने फाइनल मुकाबले में मंगोलिया की नोमुंदारी एन्ख-अमगालन को 5-0 से हराकर भारत को पहला गोल्ड दिलाया और टीम की जीत की नींव रखी।
इसके बाद प्रीति ने अपने शानदार खेल से सभी को प्रभावित किया और चीनी ताइपे की तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन हुआंग शियाओ-वेन को 5-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। प्रीति का यह प्रदर्शन खास रहा, क्योंकि उन्होंने टोक्यो ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट के खिलाफ पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। वहीं, प्रिया घनघास ने नॉर्थ कोरिया की वोन उन-ग्योंग को 3-0 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया।
इसके अलावा, भारत की स्टार बॉक्सर निखत जरीन और लवलीना बोरगोहेन ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। भारतीय महिला टीम का यह प्रदर्शन न केवल उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है, बल्कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए मजबूत संकेत भी देता है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0