नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड से नमो मैराथन-2026 को दिखाई हरी झंडी, युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी लिया हिस्सा
नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड से नमो मैराथन-2026 को दिखाई हरी झंडी, युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी लिया हिस्सा
ख़बर खास | हरियाणा
सूरजकुंड की ऐतिहासिक धरती रविवार को नशे के खिलाफ हरियाणा की सामूहिक आवाज की गवाह बनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन में 1.35 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और लगभग सभी प्रतिभागी मैराथन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल सड़क पर दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेश की सामूहिक चेतना और संकल्प को आगे बढ़ाने वाला अभियान है।
मैराथन में युवाओं के साथ महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सूरजकुंड परिसर ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। दूरी और उम्र भले अलग रही, लेकिन सभी का संदेश एक रहा—नशे से दूरी और स्वस्थ जीवन की ओर कदम।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का पुष्प वर्षा कर उत्साह बढ़ाया और उन्हें नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, खेल और पराक्रम से है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें परिवार, स्कूल, गांव और समाज की भी बराबर भूमिका है। उन्होंने माता-पिता और शिक्षकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नशामुक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और ‘हरियाणा उदय’ के माध्यम से इसे प्रदेश के हर जिले और गांव तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
मैराथन में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल, राजेश नागर, गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अधलखा, सतीश फागना सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। 21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में सोनिका ने पहला स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार और महिला वर्ग में नीरू रानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0