बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले नेहरू स्टेडियम के पास कार्रवाई; कनाडा का स्थायी निवासी बताया जा रहा आरोपी, ड्रोन के जरिए विस्फोटक मिलने का पुलिस का दावा
बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले नेहरू स्टेडियम के पास कार्रवाई; कनाडा का स्थायी निवासी बताया जा रहा आरोपी, ड्रोन के जरिए विस्फोटक मिलने का पुलिस का दावा
खबर खास | फरीदकोट
फरीदकोट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले कथित आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीदकोट के गुरु अर्जन देव नगर निवासी नवजोत सिंह उर्फ नव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कनाडा का स्थायी निवासी बताया जा रहा है। उस पर पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने का भी संदेह है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को ड्रोन के जरिए विस्फोटक सामग्री मिलने की बात सामने आई है। खुफिया सूचना के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पिता बोले- कनाडा से 12 सितंबर को लौटा था बेटा
आरोपी के पिता सूबा सिंह ने बताया कि उनका बेटा नवजोत 12 सितंबर को कनाडा से भारत लौटा था। उन्होंने दावा किया कि गुरुवार शाम नवजोत ने उन्हें बताया था कि एक पार्सल आने वाला है। इसके बाद दोनों सादिक चौक पर पार्सल लेने पहुंचे।
सूबा सिंह के अनुसार, वहां पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और उन्हें सीआईए स्टाफ कार्यालय ले जाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें देर रात छोड़ दिया, जबकि उनका बेटा हिरासत में रहा और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के पिता ने मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में उसके कथित संपर्कों की जानकारी जुटाने, विस्फोटक सामग्री के स्रोत का पता लगाने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले किसी बड़ी साजिश की योजना तो नहीं बनाई जा रही थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0