ड्रोन से सीमा पार भेजी गई खेपें पंजाब में पहुंचा रहा था गिरोह, दो कारें भी पुलिस ने जब्त कीं
ड्रोन से सीमा पार भेजी गई खेपें पंजाब में पहुंचा रहा था गिरोह, दो कारें भी पुलिस ने जब्त कीं
ख़बर ख़ास | फरीदकोट
फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे हेरोइन और हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन .30 बोर पिस्तौल, तीन मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें, होंडा सिटी और हुंडई ऑरा, भी पुलिस ने जब्त की हैं। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश निवासी घुबाया, मंगल सिंह निवासी पंजे के उतार, सचिन उर्फ संजू निवासी परभात सिंह वाला और अनमोल सिंह निवासी लामोचर खुर्द के रूप में हुई है। चारों आरोपी फिरोजपुर जिले से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में इनके सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।
विशेष नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी
फरीदकोट के एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि बाबा फरीद आगमन पर्व को देखते हुए जिले में विशेष नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सीआईए फरीदकोट की टीम ने शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि एक होंडा सिटी कार को रोककर उसमें सवार चारों आरोपियों को दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस मिले।
फाजिल्का-फिरोजपुर बॉर्डर से ड्रोन के जरिए आती थीं खेपें
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फाजिल्का और फिरोजपुर के सीमावर्ती इलाकों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली हेरोइन और हथियारों की खेपें प्राप्त करते थे। इसके बाद इन खेपों को पंजाब के अन्य हिस्सों में आगे सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है।
इस कार्रवाई के संबंध में थाना सादिक में एफआईआर नंबर 187, दिनांक 20 सितंबर 2026 को दर्ज की गई है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) तथा 25(7) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0