जयराम ने लगाया भाजपा विधायकों की योजनाएं रोकने का आरोप, सीएम ने कहा-भाजपा दिल्ली जाकर हिमाचल का बजट न रुकवाए तो नहीं रहेगी पैसों की कमी
अग्निहोत्री ने उठाया जल जीवन मिशन का मुद्दा, कहा, इसके तहत हिमाचल के 1227 करोड़ रुपए केंद्र से नहीं मिल रहे, कई पेयजल स्कीमें अधूरी
खबर खास, शिमला :
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सेशन के दौरान शनिवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जहां प्रदेश सरकार पर भाजपा विधायकों की योजनाएं रोकने का आरोप लगाया तो वहीं, सत्ता पक्ष ने दो टूक कहा कि भाजपा के प्रदेश के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल का बजट न रुकवाए तो पैसों की कमी नहीं रहेगी। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके तहत हिमाचल के 1227 करोड़ रुपए केंद्र से नहीं मिल रहे हैं जिसके चलते कई पेयजल स्कीमें अधूरी हैं।
नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार ने कहा कि नाबार्ड के तहत उनके क्षेत्र की सड़क योजनाएं स्वीकृत नहीं की जा रही। जयराम ठाकुर ने सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। इसपर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व सरकार में धर्मपुर और सराज में ही योजनाएं दी जाती थीं। मगर कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता पूरे प्रदेश का एक समान विकास है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल का बजट नहीं रुकवाए तो पैसों की कमी नहीं रहेगी।
इससे पहले डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल के 1227 करोड़ रुपए केंद्र से नहीं मिल रहे, प्रदेश में इससे कई पेयजल स्कीमें अधूरी है। जब तक केंद्र से पैसा नहीं आएगा, तब तक अधूरी योजनाओं को पूरा करना मुश्किल है। यह बात धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्र शेखर के सवाल के जवाब में कही। केंद्रीय मदद में देरी के कारण प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में की पेयजल योजनाएं लटकी हुई है।
अग्निहोत्री ने कहा कि जिला मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए पानी के टैंकों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि पानी के टैंक फट चुके हैं। इससे भारी जान व माल का नुकसान होने की आशंका है। आगामी मानसून सीजन से पहले इन्हें ठीक नहीं किया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में 550 पानी के टैंक बने हैं। इनमें 215 टैंक 50 हजार से 1 लाख लीटर और 49 टैंक 1 लाख से अधिक लीटर की क्षमता के हैं।
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायत चौकीदारों को रेगुलर करने का प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायत चौकीदार जिला परिषद कैडल में आते हैं। इसके लिए, कैबिनेट मीटिंग में प्रस्ताव लाया जाएगा। 12 साल पूरा करने वाले पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी बनाया जाएगा। मंत्री ने यह बात बीजेपी विधायक डीएस ठाकुर, रीना कश्यप और हरदीप सिंह बावा के सवाल के जवाब में कही।
भाजपा विधायक सतपाल सत्ती के सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग में दिव्यांग श्रेणी कर्मचारियों को देय प्रमोशन के लाभ मिलेंगे। इसे लेकर 15 अप्रैल से पहले नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।
हिमाचल में नहीं पेट्रोल-डीजल की कमी: सुक्खू
सदन के बाहर सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में फिलहाल अभी एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल-डीजल भी है. हिमाचल में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक 15 दिन का पड़ा हुआ है. निश्चित रूप से आने वाले समय में इसका असर देखने को मिलेगा. इस पर मुख्य सचिव को नजर बनाने को कहा गया है. हर रोज मुख्य सचिव उसका रिव्यू भी कर रहे हैं. फिलहाल हिमाचल प्रदेश में इस तरह का कोई संकट नहीं है, लेकिन कमर्शियल गैस को लेकर शिकायत आ रही है कि कई जगह कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. इस पर भी नजर बनाए हुए हैं'.
Comments 0