कर्मवीर ने कई लोगों पर धमकी, मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए; पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
कर्मवीर ने कई लोगों पर धमकी, मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए; पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
खबर खास | हांसी
हांसी में नगर परिषद कर्मचारी के बेटे कर्मवीर उर्फ समीर ने शुक्रवार को फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश की। परिवार के लोगों ने फेसबुक लाइव वीडियो देखा तो वे तुरंत उसके पास पहुंचे और बिगड़ती हालत में उसे अस्पताल ले गए।
कर्मवीर को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले कर्मवीर ने एक नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने एक महिला समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उसने इन लोगों को कथित तौर पर लैंड माफिया से जुड़ा बताया। कर्मवीर का आरोप था कि पैसों का लेन-देन पूरा होने के बावजूद उसे लगातार परेशान और धमकाया जा रहा था।
फेसबुक लाइव के दौरान कर्मवीर ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव में था। उसने आरोप लगाया कि कई लोगों ने उसका इस्तेमाल किया और बाद में उसे प्रताड़ित किया। उसने कुछ लोगों के नाम लेते हुए उन्हें अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया। कर्मवीर ने यह भी दावा किया कि उसके पास आरोपों से जुड़े सबूत हैं, जिन्हें उसने अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखा हुआ है।
कर्मवीर ने आरोप लगाया कि वह नगर परिषद से जुड़ी फाइलों में मदद करता था। उसके मुताबिक, कुछ लोग उसके पास ऐसे दस्तावेज लेकर आते थे, जिनके बारे में उन्हें कथित तौर पर गलत होने की जानकारी नहीं होती थी। फाइलें खारिज होने के बाद उन लोगों ने उससे पैसों की मांग की और बाद में पैसे लेने से इनकार कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके और उसके पिता के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई।
कर्मवीर ने अपने पिता को ईमानदार और मेहनती कर्मचारी बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें भी इस पूरे मामले में घसीटा गया। उसका दावा है कि आरोपियों के खिलाफ सबूतों के साथ शिकायतें देने के बावजूद उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई।
अपने कथित नोट में कर्मवीर ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा है। उसने अपने परिवार को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से उसके द्वारा नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, कर्मवीर के पिता शमशेर हांसी नगर परिषद में इलेक्ट्रिशियन ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस का कहना है कि कर्मवीर द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0