विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पहला चरण पूरा होने के बाद जारी हुई ड्राफ्ट मतदाता सूची, अंतिम सूची 3 सितंबर को होगी जारी; हटाए गए नामों की अलग सूची भी सार्वजनिक
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पहला चरण पूरा होने के बाद जारी हुई ड्राफ्ट मतदाता सूची, अंतिम सूची 3 सितंबर को होगी जारी; हटाए गए नामों की अलग सूची भी सार्वजनिक
चंडीगढ़, 1 अगस्त
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का पहला चरण पूरा होने के बाद निर्वाचन विभाग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्य के कुल दो करोड़ छह लाख मतदाताओं में से एक करोड़ 72 लाख 27 हजार 135 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि 33 लाख 84 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। हटाए गए नामों में सबसे अधिक संख्या शहरी क्षेत्रों की है, जिनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला प्रमुख हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची 24 जुलाई तक पूरी हुई गणना प्रक्रिया के दौरान प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर तैयार की गई है। विभाग ने हटाए गए 33.84 लाख मतदाताओं की अलग सूची भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इसके अलावा यह सूची सभी पंचायत भवनों और स्थानीय निकाय कार्यालयों में भी प्रदर्शित की गई है, ताकि लोग अपने नाम की स्थिति की जांच कर सकें।
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सूची से हटाए गए मतदाताओं में 9 लाख 36 हजार 646 ऐसे लोग हैं जो सत्यापन के दौरान दिए गए पते पर नहीं मिले। वहीं, 13 लाख 75 हजार 278 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अलावा 7 लाख 66 हजार 205 मतदाताओं को मृत घोषित किया गया है, जबकि लगभग 2.05 लाख लोगों के नाम पहले से ही किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता सूची के लिंक को खोलने के बाद सबसे पहले अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनना होगा। इसके बाद कैप्चा भरने पर बूथवार सूची उपलब्ध हो जाएगी। संबंधित बूथ का पीडीएफ डाउनलोड कर मतदाता अपना नाम, नाम की वर्तनी, पिता या पति का नाम, मकान नंबर, आयु और फोटो जैसी जानकारियों का मिलान कर सकते हैं।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता है या किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो वह अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकता है। निर्वाचन विभाग ने सभी बीएलओ को विशेष एप्लीकेशन के माध्यम से बूथवार मतदाता सूची उपलब्ध कराई है। इसके अलावा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ स्तरीय सहायकों से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल ड्राफ्ट मतदाता सूची है। मतदाताओं से प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 3 सितंबर को जारी की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0