श्रुति चौधरी ने दिया जवाब विभिन्न मंत्रियों ने अपने विभागों को लेकर सदन में पूछे गए सवालों के दिए जावाब
श्रुति चौधरी ने दिया जवाब विभिन्न मंत्रियों ने अपने विभागों को लेकर सदन में पूछे गए सवालों के दिए जावाब
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने बताया कि साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के चौतांग नाला, सोम नदी और नकटी नदी की गाद निकालने का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन हैं। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी आज सदन में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रही थी।
उन्होंने बताया कि चौतांग नाला बुर्जी संख्या 3000 से 48000 तक गाद निकालने का अनुमान तैयार किया जा रहा है। यह कार्य 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं सोम नदी से गाद निकालने के लिए टेंडर जारी किए गए थे लेकिन NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) ने 11 फरवरी 2026 को इस काम पर रोक लगा दी। मामले की अगली सुनवाई 15 मई 2026 को है। इसलिए अभी टेंडर रद्द कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नकटी नदी से कुछ हिस्सों में गाद निकालने का काम पहले ही हो चुका है। बाकी हिस्सों में काम वन भूमि से जुड़े मुद्दे सुलझने के बाद शुरू होगा। वन विभाग के साथ यह मुद्दा उठाया जा चुका है। समस्या हल होने के बाद काम मानसून से पहले पूरा करने की योजना है।
भविष्य में प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की हाजिरी बायोमैट्रिक या जिओफेसिंग के माध्यम से करेगी
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश सरकार भविष्य में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की हाज़िरी को बायोमैट्रिक या जिओफ़ेसिंग के माध्यम से करेगी। स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मांडीखेड़ा स्थित अल-अफिया सामान्य अस्पताल में डॉक्टरों के हॉस्टल अच्छी हालत में न होने के कारण डॉक्टरों को गुरुग्राम , फरीदाबाद तथा रेवाड़ी में रहने की अनुमति है। भविष्य में ऐसा कोई प्रबंध करने का प्रयास करेंगे कि इस अस्पताल के डॉक्टर उक्त अस्पताल के आस -पास ही रहें।
मांडीखेड़ा अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन विभाग रक्त बैंक, एनसीडी क्लिनिक, एसएनसीयू, आरटीआई और एसटीआई, ऑपरेशन थिएटर, फिजियोथेरेपी, आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड, जनरल वार्ड, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष जैसी सभी स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से ही उपलब्ध हैं। उक्त स्वास्थ्य संस्था में पर्याप्त अमला, उपकरण और आवश्यक दवाएं पहले से ही उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में औसतन प्रतिदिन ओपीडी में 800 मरीज तथा 40 मरीज इनडोर में भर्ती होते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम जनता के जेब खर्च को कम करने के लिए आवश्यक औषधि सूची के अनुसार सभी मरीजों को दवाएं/उपभोग्य वस्तुएं मुफ्त में प्रदान कर रहा है। आरती सिंह राव ने आगे बताया कि इस अस्पताल में 5 फरवरी 2025 से जन औषधि केंद्र भी कार्यरत है, जिसमें 208 प्रकार की जेनेरिक दवाएं उपलब्ध हैं।
हांसी में जल्दी ही शुरू होगा "डे-केयर कैंसर केंद्र"
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नया जिला हांसी में भी जल्द ही "डे-केयर कैंसर केंद्र" शुरू किया जाएगा , इससे पहले 22 जिलों में शुरू किये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी जिला नागरिक अस्पतालों में डे-केयर कैंसर केंद्रों (डीसीसीसी) का उद्घाटन किया था जिससे रोगियों को अपने घरों के करीब कीमोथेरेपी और सहायक देखभाल उपलब्ध हुई है। फतेहाबाद सहित 22 जिलों में हब और स्पोक मॉडल में समर्पित कैंसर ओपीडी, कीमोथेरेपी वार्ड और पैलिएटिव केयर ओपीडी चालू कर दिए गए हैं (फतेहाबाद स्पोक के रूप में पीजीआईएमएस रोहतक से जुड़ा हुआ)। वर्ष 2025 में, फरीदाबाद, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों में डीसीसीसीज़ ने 2,672 रोगियों को कीमोथेरेपी सेवाएं प्रदान की हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अटल कैंसर केयर सेंटर (ACCC) अंबाला कैंट, क्षेत्रीय कैंसर केंद्र (RCC) पीजीआईएमएस रोहतक और राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (NCI), झज्जर राज्य में व्यापक कैंसर उपचार प्रदान कर रहे हैं। जिला हिसार, सोनीपत, नूंह और करनाल के मेडिकल कॉलेज भी कैंसर रोगियों का इलाज कर रहे हैं।
कोसली रेलवे अंडरपास का निर्माण है प्रस्तावित : गंगवां
लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि कोसली रेलवे स्टेशन के बाजार क्षेत्र में जहां से रेलवे लाइन गुजरती है, वहां रेलवे अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए सरकार ने 520.15 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मंत्री ने इस दौरान कहा कि रेलवे द्वारा 27 दिसंबर 2021 को सामान्य व्यवस्था रेखाचित्र को मंजूरी दी गई थी। प्रस्तावित पहुंच मार्गों के साथ निर्मित क्षेत्र होने के कारण स्थानीय निवासियों/दुकानदारों ने स्वीकृत एलाइनमेंट (संरेखण) का विरोध किया था। इसलिए, संशोधित एलाइनमेंट (संरेखण) का सामान्य व्यवस्था रेखाचित्र (GAD) U-आकार के अंडरपास के साथ तैयार किया गया था, जिसे रेलवे द्वारा 2 मार्च को मंजूरी दे दी गई है। अब, रेलवे को विस्तृत डिजाइन प्रस्तुत किया जाना है और उसकी मंजूरी के बाद कार्य को करने की आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गंगवा ने कहा कि राई विधानसभा क्षेत्र के मुरथल गांव में और उस के आस-पास के गांवों में वर्तमान नलकूपों वाली प्रणाली को नहरी पानी पर आधारित जलापूर्ति प्रणाली में बदलने का प्रस्ताव विचाराधीन है और इस की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0