28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में होगा टूर्नामेंट, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत करेगा खिताब जीतने की कोशिश
28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में होगा टूर्नामेंट, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत करेगा खिताब जीतने की कोशिश
खबर खास | स्पोर्ट्स डेस्क
एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने गुरुवार को महिला टी20 एशिया कप 2026 के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर रहेंगी, जिसे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
महिला टी20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में होगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में आठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। सभी 15 मैच, जिनमें दोनों सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच खेले जाएंगे।
तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के साथ रखा गया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को भारत का मुकाबला हांगकांग (चीन) से होगा, जबकि 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा।
पाकिस्तान की टीम अपने अन्य लीग मुकाबलों में 1 सितंबर को थाईलैंड और 7 सितंबर को हांगकांग (चीन) का सामना करेगी। दोनों टीमों की नजरें नॉकआउट चरण में जगह बनाने पर रहेंगी।
वहीं, ग्रुप-बी में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसका मुकाबला 2 सितंबर को इंडोनेशिया और 6 सितंबर को बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश 31 अगस्त को इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा और 8 सितंबर को यूएई से भिड़ेगा। वहीं, इंडोनेशिया 4 सितंबर को यूएई का सामना करेगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 28 अगस्त को थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर, दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को होगा।
भारतीय टीम एक बार फिर एशिया की बादशाहत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं भारत-पाकिस्तान मुकाबले के कारण महिला टी20 एशिया कप 2026 को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0