जेल अस्पताल, बैरकों और आम आदमी क्लिनिक का लिया जायजा
जेल अस्पताल, बैरकों और आम आदमी क्लिनिक का लिया जायजा
खबर खास, चंडीगढ़/पटियाला :
पंजाब के संसदीय मामलों, एन.आर.आई. मामलों और जेल मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज सेंट्रल जेल पटियाला का विशेष दौरा करते हुए जेल प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने “उजाला नर्सरी” और नई तैयार की गई जेल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उजाला नर्सरी का उद्देश्य कैदियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नई लाइब्रेरी कैदियों को शिक्षा और जानकारी प्राप्त करने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकेंगे।
जेल मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार जेलों को सुधार और पुनर्वास के केंद्रों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जेलों को नशा-मुक्त बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है और इस दिशा में जेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की उन्होंने सराहना की।
अपने दौरे के दौरान मंत्री ने जेल अस्पताल, बैरकों और आम आदमी क्लिनिक सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया और कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कैदियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और पुनर्वास के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि जेल विभाग द्वारा चलाया जा रहा पेट्रोल पंप कैदियों को रोजगार के अवसर प्रदान करता है, जिससे उनके कौशल विकास और पुनर्वास में मदद मिलती है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0