कहा, अगमपुर पुल की सुरक्षा के लिए 19.72 करोड़ रुपये के बाढ़ नियंत्रण कार्य जारी
कहा, अगमपुर पुल की सुरक्षा के लिए 19.72 करोड़ रुपये के बाढ़ नियंत्रण कार्य जारी
खबर खास, चंडीगढ़/श्री आनंदपुर साहिब :
पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज लोदीपुर, अगम्मपुर, हरसाबेला और अजौली क्षेत्रों का दौरा कर चल रहे बाढ़-रोधी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सतलुज नदी के किनारे चल रहे कार्यों की प्रगति के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव लोदीपुर, जो सतलुज नदी के बाएं किनारे पर स्थित है, वहां भविष्य में नदी किनारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2026 में लोदीपुर बाढ़ सुरक्षा परियोजना के तहत कुल 1700 फुट लंबाई में कार्य करवाया जा रहा है। इसमें चरण गंगा नदी पर 300 फुट का पुनर्निर्माण तथा सतलुज नदी पर 1400 फुट रिवेटमेंट के साथ 13 स्टड बनाने का कार्य शामिल है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 4.62 करोड़ रुपये है और इससे लोदीपुर तथा बुर्ज सहित आसपास के क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी और कृषि भूमि की रक्षा मजबूत होगी।
गोयल ने बताया कि अगम्मपुर का पुल अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मालवा/पुआध क्षेत्रों को दोआबा और माझा क्षेत्रों से जोड़ता है। इसके अलावा यह पुल धार्मिक दृष्टि से भी अहम है, क्योंकि यह तख्त श्री केशगढ़ साहिब को श्री अकाल तख्त साहिब से जोड़ता है। इस कारण यह प्रदेश के लोगों की धार्मिक भावनाओं से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान इस पुल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन सरकार द्वारा तुरंत कार्रवाई कर इसे सुरक्षित रखा गया। इस अनुभव से सीख लेते हुए अब पुल के आसपास बड़े स्तर पर बाढ़-रोधी कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी भी नुकसान से बचाव किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस वर्ष कुल 6570 फुट (लगभग 2 किलोमीटर) लंबाई में बाढ़-रोधी कार्य करवाए जा रहे हैं, जिन पर लगभग 19.72 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अगम्मपुर स्लाइस-वन और पुल के ऊपरी हिस्से में 3920 फुट लंबाई में 12.05 करोड़ रुपये की लागत से कार्य जारी है, जिसमें 3280 फुट रिवेटमेंट और 31 स्टड का निर्माण शामिल है। इससे अगम्मपुर और क्रशर जोन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसी प्रकार उन्होंने बताया कि हरसाबेला में 2650 फुट लंबाई में 7.67 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़-रोधी कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें 2300 फुट रिवेटमेंट और 23 स्टड का निर्माण शामिल है। मंत्री ने दोहराया कि सरकार बाढ़ से बचाव के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा के तहत अजौली में 1500 फुट रिवेटमेंट और 14 स्टड के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिस पर लगभग 3.45 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह परियोजना सतलुज नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने और भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी, जिससे अजौली, दबखेड़ा और कलितरा गांवों के निवासियों तथा कृषि भूमि को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री गोयल ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए भी आधुनिकीकरण के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 132 स्थानों पर कार्य चल रहा है और यह 30 मई तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की भलाई के लिए मुख्यमंत्री पंजाब स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लगातार कार्य किया जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0