रिंकू, अनुकूल और वरुण की दमदार भूमिका से बदला मैच का रुख, कप्तान ने जताई संतुष्टि
रिंकू, अनुकूल और वरुण की दमदार भूमिका से बदला मैच का रुख, कप्तान ने जताई संतुष्टि
ख़बर ख़ास, खेल :
आईपीएल 2026 में आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी पहली जीत दर्ज कर ली, और इस जीत के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने राहत और संतोष दोनों जाहिर किए। लगातार हार के बाद यह जीत टीम के लिए किसी टर्निंग पॉइंट से कम नहीं मानी जा रही है। रहाणे ने खास तौर पर रिंकू सिंह, अनुकुल रॉय और वरुण चक्रवर्ती की तारीफ करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई।
रहाणे ने बताया कि मैच के दौरान कई भावनाएं चल रही थीं, लेकिन टीम ने एकजुट होकर खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि वरुण पिछले कुछ मैचों में बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं, जबकि रिंकू सिंह ने मानसिक दबाव से बाहर निकलकर मैच को शानदार अंदाज में फिनिश किया। वहीं अनुकूल रॉय को घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला और उन्होंने बल्लेबाजी में अहम साझेदारी निभाई।
कप्तान ने अपनी लीडरशिप स्टाइल पर भी बात करते हुए कहा कि वह टीम मीटिंग्स के बजाय खिलाड़ियों से व्यक्तिगत बातचीत करना ज्यादा पसंद करते हैं। उनके मुताबिक क्रिकेट एक सरल खेल है और इसे ज्यादा जटिल बनाने के बजाय हालात को समझकर खेलना जरूरी है।
गेंदबाजी यूनिट की तारीफ करते हुए रहाणे ने कहा कि पिछले तीन मैचों में गेंदबाजों ने एक यूनिट की तरह प्रदर्शन किया है, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की भी उन्होंने जमकर सराहना की, जिन्होंने डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाजी कर अपनी काबिलियत साबित की।
हालांकि बल्लेबाजी को लेकर रहाणे ने सुधार की जरूरत मानी। उन्होंने कहा कि सिर्फ बड़े शॉट खेलने के बजाय सिंगल-डबल लेकर पारी को आगे बढ़ाना ज्यादा जरूरी है। अंत में रहाणे ने इस जीत को टीम के फैंस को समर्पित करते हुए कहा कि उनके समर्थन ने ही टीम को मुश्किल समय में आगे बढ़ने की ताकत दी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0