भारती सिंह, कपिल शर्मा ने भी मदद भेजने को कहा, संजय दत्त ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
13-13 सोसाइटी के बाबा दीप सिंह सेवा दल, गायक जसबीर जस्सी,सोनू सूद, करण औजला और सतिंदर सरताज,जसकीरत नागरा,पंजाबी सिंगर हरभजन मान, पंजाबी गायक रंजीत बावा ने अपने-अपने तरीके से ली जिम्मेवारी
कई गुमनाम चेहरे भी दिन रात पूरी ताकत से लगे सेवा में
खबर खास, चंडीगढ़ :
बारिश और बांधों से छोड़े पानी के चलते पंजाब पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है। पंजाब की मुश्किल की इस घडी में अपनों की मदद करने के लिए खुद पंजाबी मैदान में उतरे हैं। क्या आम और क्या खास, सभी अपने-अपने तौर पर सेवा निभा रहे हैं तो वहीं 13-13 सोसाइटी के बाबा दीप सिंह सेवा दल लगातार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 24 घंटे ग्राउंड जीरो पर तैनात हैं। पंजाब की कई शख्सियतों के अलावा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री ने अपने-अपने तौर पर मदद की पेशकश की है। कॉमेडी क्वीन के नाम से विख्यात भारती सिंह, कपिल शर्मा और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने भी हरसंभव मदद का अश्वासन दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इनमें ग्राउंड जीरो पर जो लगातार काम कर रहा है उसमें 13-13 सोसाइटी के बाबा दीप सिंह सेवा दल का नाम अहम है। दल ने रातोंरात एक फोन कॉल पर 1 करोड़ 35 लाख रुपए जुटा लिए। वह बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लगातार राशन और अन्य जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं। गायक जसबीर जस्सी अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मदद के लिए कह रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाढ़ पीड़ितों की अपने-अपने सक्षमता के मुताबिक मदद करने की अपील की है। करण औजला और सतिंदर सरताज की फाउंडेशन बाढ़ पीड़ितों को घर-घर जाकर जरूरी सामान पहुंचा रही है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रशासन के साथ-साथ देश-विदेश में बसता पूरा पंजाब खड़ा हो गया है।
पंजाब में बाढ़ के हालात के बीच में ही बाबा दीप सिंह सेवा दल गढ़दीवाल एक्टिव हो गया। इन्होंने 13-13 सोसाइटी चला रहे बलजीत सिंह गिल भोगपुर से फोन पर बाढ़ में मदद का सहयोग मांगा। उनसे लोगों को निकालने के लिए नाव की मदद मांगी। इसके बाद गिल ब्रदर्स खुद इस काम में जुट गए। लेकिन बाढ़ के बुरे हालात के दौरान ट्रैक्टर बचाव के दौरान फंसने लगे तो मोहाली के जसकीरत नागरा ने अपनी कंपनी के चार एंफीबियस वाहन सेवा में उतार दिए।
पंजाबी सिंगर हरभजन मान ने भी सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया है। कपिल शर्मा ने कहा कि उनकी टीम पंजाब में है और वह मदद के लिए उसे भेज रहे हैं। बॉलीवुड सिंगर जसपिंदर नरूला ने 6 बोट भेजी हैं। पंजाबी गायक रंजीत बावा इन दिनों अल्बर्टा में हैं और अपने पहले शो की सारी कमाई को उन्होंने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को देने घोषणा की है। सतिंदर सरताज ने महीने के राशन की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने अमृतसर के अजनाला में 500 बाढ़ पीड़ितों को गोद लिया है। इन्हें एक महीने का राशन भी भेजा है।
संगरूर के रहने वाले पंजाबी सिंगर रेशम सिंह अनमोल ने पशुओं के लिए चारे की जिम्मेदारी संभाली है।
Comments 0