तीन हमलावर स्कूटर पर सवार होकर पहुंचे, करीब सात राउंड फायरिंग कर फरार; पुलिस ने बाजार सील कर सीसीटीवी जांच शुरू की
तीन हमलावर स्कूटर पर सवार होकर पहुंचे, करीब सात राउंड फायरिंग कर फरार; पुलिस ने बाजार सील कर सीसीटीवी जांच शुरू की
खबर खास | चंडीगढ़
शनिवार दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित पीजीआई के पास उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में मेडिकल स्टोर के मैनेजर की मौत हो गई।
घटना करीब दोपहर 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तीन हथियारबंद बदमाश स्कूटर पर सवार होकर कुमार मेडिकल स्टोर पहुंचे और वहां पहुंचते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों के पास ऑटोमैटिक हथियार थे और उन्होंने मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मेडिकल स्टोर के मैनेजर और कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मेडिकल स्टोर मैनेजर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कैशियर की हालत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे बाजार क्षेत्र को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी बाजार में स्थित कुमार केमिस्ट की एक अन्य दुकान के मालिक को कथित तौर पर गोल्डी बराड़ गैंग की ओर से धमकियां मिली थीं, जिसके चलते उन्हें पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की गई थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस फायरिंग घटना का किसी गैंग से संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0