कूड़े के ढेर से लेकर टूटी सड़कों और बंद स्ट्रीट लाइटों तक 8 समस्याओं पर होगा एक्शन, अधिकारियों को रोजाना 2 घंटे फील्ड में रहना होगा अनिवार्य
कूड़े के ढेर से लेकर टूटी सड़कों और बंद स्ट्रीट लाइटों तक 8 समस्याओं पर होगा एक्शन, अधिकारियों को रोजाना 2 घंटे फील्ड में रहना होगा अनिवार्य
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब के शहरों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ‘मिशन क्लीन पंजाब 3.0’ की शुरुआत की है। शुक्रवार को स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस बार सफाई अभियान को केवल कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि राज्य के सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) के हर वार्ड में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 8 प्रमुख समस्याओं को दूर किया जाएगा।
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अभियान के तहत कूड़े के संवेदनशील स्थानों, निर्माण एवं तोड़फोड़ के मलबे के अवैध ढेर, जलभराव, खुले या टूटे सीवर मैनहोल, सड़कों के गड्ढों, टूटी या गायब कर्ब स्टोन, खराब स्ट्रीट लाइटों और उन अंधेरी सड़कों की पहचान की जाएगी जहां स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए PESCO की टीमें तैनात की गई हैं, जो शहरों के विभिन्न वार्डों में जाकर समस्याओं की पहचान करेंगी और उन्हें पंजाब mSeva ऐप तथा वेब पोर्टल पर दर्ज करेंगी। इन शिकायतों की जियो-टैगिंग की जाएगी, ताकि हर समस्या की लोकेशन और उसके समाधान की स्थिति पर रियल टाइम नजर रखी जा सके। आम नागरिक भी mSeva ऐप या वेबसाइट के माध्यम से शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।
अधिकारियों की जवाबदेही तय, रोजाना होगी निगरानी
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को रोजाना कम से कम दो घंटे फील्ड में रहकर वार्डों का निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, निर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे, जबकि सभी शहरी निकायों की प्रगति की समीक्षा राज्य स्तर पर की जाएगी।
मंत्री ने मिशन क्लीन पंजाब 2.0 की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि 29 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चले अभियान में कुल 31,802 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 28,686 का समाधान किया गया। इस तरह करीब 90 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा हुआ। वहीं, 2,935 शिकायतें लंबित रहीं और 181 शिकायतें अमान्य या खारिज की गईं।
उन्होंने बताया कि 166 में से 93 शहरी निकायों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक शिकायतों का समाधान किया, जबकि 18 निकायों ने 100 प्रतिशत समाधान का लक्ष्य हासिल किया। प्रमुख शहरों में अमृतसर ने 96 प्रतिशत, जालंधर, पटियाला, बठिंडा और मोहाली ने 94 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा किया।
बैंस ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास की नागरिक समस्याओं की जानकारी mSeva ऐप या वेबसाइट पर दें और सरकार के साथ मिलकर पंजाब के हर वार्ड को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर बनाने में सहयोग करें।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026
Comments 0