बायोलॉजी पेपर लीक का आरोप, पैसों के लेन-देन और कोचिंग नेटवर्क की जांच तेज
बायोलॉजी पेपर लीक का आरोप, पैसों के लेन-देन और कोचिंग नेटवर्क की जांच तेज
ख़बर ख़ास | नई दिल्ली
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रविवार को आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंडारे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और आगे की जांच के लिए 14 दिन की हिरासत की मांग की। मंडारे, पुणे की एक सीनियर बॉटनी टीचर हैं और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की पैनल सदस्य होने के नाते परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट और ट्रांसलेटर की भूमिका निभा चुकी हैं, जिससे उन्हें प्रश्न पत्रों तक पहुंच मिली थी।
सीबीआई ने अदालत को बताया कि एनटीए द्वारा अपनाई गई पूरी परीक्षा प्रक्रिया जांच के दायरे में है। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि मंडारे ने छात्रों से पैसे लेकर उन्हें लीक किए गए सवाल उपलब्ध कराए। वहीं बचाव पक्ष ने CBI की रिमांड की मांग का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी के घर से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है और वह पहले भी जांच में सहयोग कर चुकी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मंडारे को मथुरा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान सामने आया कि वह 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा के बायोलॉजी पेपर लीक की मुख्य कड़ी थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने पुणे की मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को इस नेटवर्क से जोड़ा।
सीबीआई के मुताबिक, मंडारे ने अपने घर पर विशेष कोचिंग सत्र आयोजित किए, जहां छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी से जुड़े सवाल लिखवाए और समझाए गए। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कई सवाल वास्तविक परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते हैं, जिससे पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने देशभर में छह स्थानों पर छापेमारी कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और अन्य अहम सबूत जब्त किए हैं। अब तक दिल्ली, जयपुर, पुणे समेत कई शहरों से नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
सीबीआई ने कहा है कि वह इस मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि यह मामला देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक की साख से जुड़ा हुआ है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0