पांच आरोपी गिरफ्तार, छह मशीनें और 39 बिना मुहर की डाई जब्त; सोनीपत में बना रखा था नकली सिक्कों का प्लांट
पांच आरोपी गिरफ्तार, छह मशीनें और 39 बिना मुहर की डाई जब्त; सोनीपत में बना रखा था नकली सिक्कों का प्लांट
सहारनपुर में पुलिस ने नकली सिक्के बनाने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.28 लाख रुपये कीमत के 6,400 नकली 20 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा सिक्के बनाने वाली छह मशीनें, 39 बिना मुहर की डाई, अधबने सिक्के, फिनिशिंग के उपकरण, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब के रजिस्टर और दो कारें भी जब्त की गई हैं।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाजार में नकली सिक्के चलाए जाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर गिरोह की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर रविवार को पुलिस टीम ने जुबली पार्क से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह निवासी पेंटाहोम सोसायटी, जिरकपुर, मोहाली, हिमांशु उर्फ गुल्लू निवासी बरसी, कुलदीप निवासी आवास विकास, संतोष चौरसिया उर्फ जनार्धन निवासी लड्डू गांव, मधुबनी, बिहार और अनुराग पाल उर्फ लंकेश निवासी पीपरीश रामेश्वरम, जिला संत रविदासनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 1.28 लाख रुपये के 6,400 नकली सिक्कों के साथ करीब पांच लाख रुपये के अधबने सिक्के भी मिले हैं। इसके अलावा 500-500 रुपये के 20 नोट, छह सिक्के बनाने वाली मशीनें, पांच लोहे की डाई, बिना मुहर की 39 डाई और मुहर लगी 20 डाई बरामद की गई हैं।
सिक्कों की फिनिशिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली डाई पॉलिश मशीन, दो घिसाई पत्थर और अन्य उपकरण भी पुलिस ने जब्त किए हैं। जांच टीम ने आठ मोबाइल फोन, दो कारें, सात हिसाब-किताब के रजिस्टर, पैड और एक चेकबुक भी कब्जे में ली है।
सोनीपत में लगाया था नकली सिक्कों का प्लांट
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह ने हरियाणा के सोनीपत में नकली सिक्के तैयार करने का प्लांट लगा रखा था। इसी जगह सिक्कों को तैयार करने और उनकी फिनिशिंग का काम किया जाता था। इसके बाद तैयार नकली सिक्कों की सप्लाई अलग-अलग राज्यों में की जाती थी।
पूछताछ में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह लंबे समय से इस नेटवर्क को चला रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के नकली सिक्के बाजार में खपाने की बात कबूल की है। पुलिस अब इस दावे की जांच करने के साथ-साथ पूरे नेटवर्क और इसकी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
बाजार से लेकर शराब ठेकों और टोल प्लाजा तक खपाते थे सिक्के
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे खास तौर पर 20 रुपये के नकली सिक्के तैयार करते थे। इन सिक्कों को सामान्य बाजार के अलावा सरकारी शराब के ठेकों और टोल प्लाजा पर भी चलाया जाता था।
पुलिस को आरोपियों के पास से सिक्के बनाने से लेकर उनकी फिनिशिंग तक के लिए इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप मिला है। मशीनों, डाई और अन्य उपकरणों की बरामदगी से गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिक्कों की सप्लाई किन-किन राज्यों में और किन लोगों के जरिए की जाती थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0