72 घंटे में 3256 गिरफ्तार, 80 भगोड़े भी काबू; हेल्पलाइन 93946-93946 पर दें गुप्त सूचना
72 घंटे में 3256 गिरफ्तार, 80 भगोड़े भी काबू; हेल्पलाइन 93946-93946 पर दें गुप्त सूचना
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब को गैंगस्टरों से मुक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के पहले चरण के तहत 72 घंटे तक चले ‘ऑपरेशन प्रहार’ को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के जरिए विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के पंजाब में मौजूद सहयोगियों के ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की गई और उनके नेटवर्क को कमजोर किया जा रहा है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ एक निरंतर अभियान है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक प्रदेश से गैंगस्टरों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कदम है और आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को डीजीपी पंजाब ने गैंगस्टरों के खिलाफ जंग का ऐलान करते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के नाम से राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की थी। इसके तहत 12,000 पुलिस कर्मियों वाली 2000 से अधिक पुलिस टीमों को पूरे पंजाब में तैनात किया गया था। इन टीमों ने 60 विदेशी गैंगस्टरों के चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी की और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की धरपकड़ की गई।
तीन दिन चले इस ऑपरेशन के नतीजे साझा करते हुए स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि पूरे राज्य में कुल 4871 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था। इनमें से 3256 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उम्मीदों से कहीं अधिक सफल रही और इसके शानदार परिणाम सामने आए हैं।
स्पेशल डीजीपी ने जानकारी दी कि पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और नशीला पदार्थ बरामद किया है। इनमें 69 हथियार, 6.5 किलो हेरोइन, 10.5 किलो अफीम, 5092 नशीली गोलियां, 72 किलो भुक्की और 2.69 लाख रुपये की ड्रग मनी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा इस ऑपरेशन के दौरान 80 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि 25 एहतियातन गिरफ्तारियां भी की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान गैंगस्टरों की लॉजिस्टिक्स, वित्तीय और संचार व्यवस्था को तोड़ने के लिए एक सर्जिकल और खुफिया कार्रवाई थी।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से संगठित अपराध के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने कहा कि एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से लोग गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं। इसके साथ ही अपराध और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी साझा की जा सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना के आधार पर किसी गैंगस्टर की गिरफ्तारी होती है, तो उस व्यक्ति को 10 लाख रुपये तक की इनाम राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पंजाब पूरी तरह गैंगस्टर-मुक्त नहीं हो जाता।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0