सीएम भगवंत मान की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बैठक के बाद कई फ्लाईओवर और सड़कों के निर्माण में आएगी तेजी
सीएम भगवंत मान की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बैठक के बाद कई फ्लाईओवर और सड़कों के निर्माण में आएगी तेजी
ख़बर ख़ास | नई दिल्ली
पंजाब में सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई अहम बैठक के बाद राज्य के कई लंबे समय से रुके हाईवे और फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स को गति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इस बैठक में मखू, आदमपुर और भवानीगढ़ जैसे इलाकों में अटके फ्लाईओवर जल्द पूरा करने पर सहमति बनी है, जबकि अमृतसर के वल्लाह फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को भी तेजी से पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के कई अहम सड़क प्रोजेक्ट्स को नेशनल हाईवे घोषित करने की मांग भी उठाई। खास तौर पर फिरोजपुर-फाजिल्का रोड, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है, को रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके चौड़ीकरण की जरूरत पर जोर दिया गया। इसके साथ ही भवानीगढ़ से कोटशमीर तक सड़क को सुनाम, चीमा मंडी, भीखी, मानसा और मौर होते हुए चार लेन में बदलने की मंजूरी का भी भरोसा मिला है।
मान ने बताया कि बरनाला से बाजाखाना और मलैरकोटला से बरनाला तक की सड़कों को भी चार लेन में विकसित किया जाएगा, जिससे मालवा क्षेत्र में यातायात और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं जालंधर-होशियारपुर-मनाली रोड के चार लेन प्रोजेक्ट को भी जल्द मंजूरी दिलाने की मांग की गई, जो पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान नितिन गडकरी ने पंजाब सरकार की ‘सड़क सुरक्षा फोर्स’ की जमकर सराहना की और इसे लोगों की जान बचाने की दिशा में एक अनूठा कदम बताया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भवानीगढ़ में ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को हल करने के लिए फ्लाईओवर या एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण जरूरी है।
इसके अलावा, सीएम ने केंद्र से लंबित फंड जारी करने की मांग भी की ताकि चल रहे प्रोजेक्ट्स में कोई बाधा न आए। कुल मिलाकर, इस बैठक के बाद पंजाब में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0