BSF और घुबाया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ड्रोन के साथ पिस्तौल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद; करीब एक किलोमीटर अंदर तक घुस आया था ड्रोन
BSF और घुबाया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ड्रोन के साथ पिस्तौल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद; करीब एक किलोमीटर अंदर तक घुस आया था ड्रोन
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हथियारों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। पंजाब के फाजिल्का जिले में तहलीवाला गांव के पास एक धान के खेत से हथियारों से लदा ड्रोन बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह ड्रोन पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था।
यह कार्रवाई सीमा सुरक्षा बल (BSF) और घुबाया पुलिस की संयुक्त टीम ने की। BSF से मिली विशेष सूचना के आधार पर पुलिस थाना प्रभारी अभिषेक शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को धान के खेत से एक ड्रोन मिला। ड्रोन के साथ चीन में निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। हथियारों और ड्रोन को कब्जे में लेने के बाद पूरे इलाके को कई घंटों तक सील रखा गया और सुरक्षा कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी फेंसिंग को पार कर भारतीय क्षेत्र में करीब एक किलोमीटर अंदर तक पहुंच गया था। ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भारतीय क्षेत्र में पहुंचाने की कोशिश की गई थी।
बरामद हथियारों और ड्रोन को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों की यह खेप पंजाब में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन सा सीमा पार नेटवर्क सक्रिय था।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान में बैठे तस्करी नेटवर्क पंजाब में हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने के लिए लगातार ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में फाजिल्का में हुई यह बरामदगी सीमा सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जांच एजेंसियां ड्रोन के इस्तेमाल, बरामद हथियारों और संभावित रिसीवर के बीच संबंधों की भी जांच कर रही हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इस खेप के पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क की भूमिका है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0