नारायणगढ़ के बिछपड़ी गांव में हुई दिल दहला देने वाली घटना; गंभीर हालत में पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल रेफर, कंधे पर लगाने पड़े टांके
नारायणगढ़ के बिछपड़ी गांव में हुई दिल दहला देने वाली घटना; गंभीर हालत में पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल रेफर, कंधे पर लगाने पड़े टांके
खबर खास | पंचकूला
अंबाला-पंचकूला बॉर्डर पर स्थित बिछपड़ी गांव में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है, जहां ईंट-भट्ठे पर खेल रही दो साल की एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को चेहरे, गले और कान के पास बुरी तरह से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस खौफनाक घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची की पहचान 2 वर्षीय काव्या पुत्री बीरपाल के रूप में हुई है, जो बिछपड़ी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर रहती है। बच्ची के पिता बीरपाल ने हादसे के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी बेटी ईंट-भट्ठे के पास बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक आक्रामक आवारा कुत्ता वहां आया और उस पर झपट पड़ा। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे, गले और कान पर बुरी तरह काटकर उसे लहुलूहान कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े और किसी तरह कुत्ते को भगाकर मासूम को उसके चंगुल से छुड़ाया।
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में बच्ची को परिजनों द्वारा सब डिविजनल सिविल अस्पताल नारायणगढ़ की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने घावों की ड्रेसिंग की और कैटेगरी-III डॉग बाइट के नियमों के तहत एंटी-रैबीज इंजेक्शन व टेटनस (TT) की खुराक दी। हालांकि, जख्मों की गंभीरता और मांस बाहर निकलने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पंचकूला के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में बच्ची के कंधे और अन्य गंभीर घावों पर टांके लगाए गए, जहां उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर आवारा पशुओं और कुत्तों की बढ़ती समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0