होशियारपुर में सलेरन डैम इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट का उद्घाटन, हिमाचल के पर्यटन स्थलों को टक्कर देगा सलेरन डैम
होशियारपुर में सलेरन डैम इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट का उद्घाटन, हिमाचल के पर्यटन स्थलों को टक्कर देगा सलेरन डैम
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब के भगवंत सिंह मान ने रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने यह बात होशियारपुर में सलेरन डैम इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के बाद कही। सीएम ने कहा कि यह परियोजना इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए रास्ते खोलेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि सलेरन डैम परियोजना आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को कड़ी टक्कर देगी। उन्होंने कहा कि अमृतसर, पटियाला और चिमरौद झील जैसे स्थानों पर फिल्म शूटिंग और डेस्टिनेशन वेडिंग बढ़ने से भी रोजगार के अवसरों में इजाफा हुआ है।
सीएम ने बताया कि सलेरन डैम इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट को 2.80 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है और इससे सालाना 18 लाख रुपये से अधिक की आय होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करेगी और स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देगी।
परियोजना के तहत विकसित सुविधाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि बच्चों के लिए 16,000 वर्ग फुट में फैला एक विशेष खेल मैदान बनाया गया है, जिसमें मल्टी-प्ले स्टेशन सहित कई मनोरंजक गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा पर्यटकों के ठहरने के लिए चार इको हट्स बनाए गए हैं और 80 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक कैफेटेरिया भी विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि डैम के मनोरम दृश्य का आनंद लेने के लिए एक बड़ा एम्फीथिएटर भी बनाया गया है।
सीएम मान ने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए विकसित की गई है। इको-फ्रेंडली पर्यटन ढांचे के निर्माण के साथ पारिस्थितिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कंडी बेल्ट में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में इन क्षेत्रों की उपेक्षा की गई और सरकारी संपत्तियों को कौड़ियों के दाम पर अपने करीबियों को बेच दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने ऐसी संपत्तियों को वापस हासिल किया है और 52 से 75 जर्जर हो चुके रेस्ट हाउसों को फिर से चालू किया है, जो अब हर महीने करीब 1 करोड़ रुपये का किराया राजस्व दे रहे हैं।
सीएम मान ने विश्वास जताया कि बुनियादी ढांचे में सुधार के बाद यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा और इससे स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियां पंजाब को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाएंगी।
सीएम ने सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुफ्त बिजली, सीएम सेहत योजना, आम आदमी क्लीनिक, शिक्षा सुधार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण और सड़क सुरक्षा फोर्स जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आगामी बजट में महिलाओं को 1,000 रुपये देने के वादे को पूरा करने की भी बात दोहराई।
अंत में सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार नशे और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और राज्य को शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और रंगला पंजाब बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0