जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने फतेहगढ़ साहिब में 30.71 करोड़ रुपये की नहरी परियोजना का किया उद्घाटन, भूजल संरक्षण की दिशा में पंजाब सरकार का बड़ा कदम
जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने फतेहगढ़ साहिब में 30.71 करोड़ रुपये की नहरी परियोजना का किया उद्घाटन, भूजल संरक्षण की दिशा में पंजाब सरकार का बड़ा कदम
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब सरकार ने राज्य के किसानों को नहरी पानी उपलब्ध कराने और भूजल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सौंढा में 30.71 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नहरी परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसानों के खेतों तक अधिक से अधिक नहरी पानी पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि नहरी सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ साहिब क्षेत्र में सैदपुरा माइनर, राजिंदरगढ़ माइनर और 1-एल रजबाहा को मजबूत करने के साथ कुल 33.68 किलोमीटर लंबी नहरों को पक्का किया गया है। इसके अलावा 23.05 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाने सहित कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा देने के लिए गांव सानीपुर, बाड़ा, छलेड़ी कलां, सैफलपुर, मोहम्मदीपुर, आदमपुर, बीबीपुर और सराना में 3.75 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद करीब 2332 एकड़ कृषि भूमि को नहरी पानी का सीधा लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान राज्य में केवल 26 प्रतिशत नहरी पानी ही खेतों तक पहुंच पाता था, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार ने नहरी व्यवस्था को सुधारने के लिए करीब 7,500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके परिणामस्वरूप अब 86 प्रतिशत तक नहरी पानी गांवों और किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य के हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाना है, ताकि किसानों की सिंचाई लागत कम हो और भूजल पर निर्भरता घटे। मजबूत नहरी नेटवर्क आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
इस मौके पर फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने पंजाब सरकार और जल संसाधन मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में नहरी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही किसानों की मांग को सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0