पटियाला रूरल में राज्य स्तरीय तीज समारोह में उमड़ा महिलाओं का हुजूम, फुलकारी शॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई रौनक
पटियाला रूरल में राज्य स्तरीय तीज समारोह में उमड़ा महिलाओं का हुजूम, फुलकारी शॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई रौनक
ख़बर ख़ास | पटियाला
पटियाला रूरल में शनिवार को राज्य स्तरीय तीज समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक रंगों और पंजाबी लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान और पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल का समारोह में पहुंचने पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने स्वागत किया।
इस मौके पर डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि तीज पंजाब की महिलाओं के लिए खुशी, आपसी जुड़ाव, प्रेम और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से गांवों और शहरों में तीज मेलों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पंजाबी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर आगे बढ़ाया जा सके।
डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने भगवंत मान सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना, मोहल्ला क्लीनिक और मावां-धियां सत्कार योजना को लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इन योजनाओं को अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि तीज समारोह ‘रंगला पंजाब’ की भावना को दर्शाता है, जिसमें पंजाबी विरासत के रंग, महिलाओं का सम्मान और लोगों की खुशियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पंजाब की परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
समारोह में पारंपरिक तीज रंगों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। महिलाओं को पंजाबी संस्कृति की पहचान मानी जाने वाली फुलकारी शॉल भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल विर्क, मेयर कुंदन गोगिया, एडवोकेट राहुल सैनी, अतिरिक्त उपायुक्त अनुप्रीता जौहल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0