धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को बनाया गया निशाना; जालंधर के कई स्कूलों को कराया गया खाली, पुलिस जांच में जुटी।
धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को बनाया गया निशाना; जालंधर के कई स्कूलों को कराया गया खाली, पुलिस जांच में जुटी।
खबर खास | जालंधर
जालंधर में गुरुवार को उस समय बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया, जब कई स्कूलों को बम धमाके और आत्मघाती कार हमले की धमकी भरे ईमेल मिले। ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की चल रही “शुक्राना यात्रा” के दौरान हमला करने की बात कही गई थी।
धमकी मिलने के बाद जालंधर स्थित बीएसएफ मुख्यालय के अंदर बने बीएसएफ स्कूल को भी अचानक स्कूल समय के दौरान खाली कराया गया। छात्रों और अभिभावकों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया। यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसी बीएसएफ मुख्यालय के बाहर दो दिन पहले एक्टिवा स्कूटर में विस्फोट की घटना हुई थी।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल में पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों को उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला करने की बात भी लिखी गई थी। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का नाम भी इस धमकी संदेश में शामिल बताया गया है।
बीएसएफ स्कूल की प्रिंसिपल रंजना डोगरा ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के निर्देश पर बच्चों की छुट्टी जल्दी कर दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल को किसी सीधे खतरे की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी। स्कूल संचालन को लेकर आगे की जानकारी अभिभावकों को आधिकारिक माध्यमों से दी जाएगी।
वहीं, जालंधर के एपीजे स्कूल को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करवाकर परिसर की गहन तलाशी ली गई।
जालंधर पुलिस के अनुसार शहर के करीब पांच से छह स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। एडीसीपी आकांक्षी जैन ने बताया कि सभी प्रभावित स्कूलों में पुलिस टीमें लगातार जांच कर रही हैं। अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0